नीरज राज/बस्ती(यूपी)।:- बस्ती जिले के साऊघाट क्षेत्र अंतर्गत पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के सोनहटी बुजुर्ग ग्राम पंचायत में एक सामुदायिक शौचालय से अज्ञात चोरों ने चार लोहे के दरवाजे चुरा लिए। यह घटना शनिवार सुबह उस वक्त सामने आई, जब शौचालय की देखभाल करने वाली केयरटेकर मीरा देवी वहां पहुंचीं।
मीरा देवी ने बताया कि सुबह करीब 7 बजे जब वे शौचालय की सफाई के लिए आईं, तो पुरुष शौचालय की दीवार टूटी हुई मिली और चारों दरवाजे गायब थे। चोरों ने रात के अंधेरे में दीवार तोड़कर यह वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी तुरंत ग्राम प्रधान गुलाम हुसैन को दी गई।
ग्राम प्रधान गुलाम हुसैन ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचित किया और पुरानी बस्ती थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा, “यह शौचालय पंचायत भवन के ठीक सामने स्थित है और गांव के सैकड़ों लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। चोरों की हिम्मत देखिए कि दिनदहाड़े जैसे रात में दीवार फोड़कर दरवाजे उड़ा ले गए। इससे ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही है।”
पुरानी बस्ती थाने के नवागत थानाध्यक्ष जयदीप दूबे ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल पुलिस टीम को मौके पर भेजा। उन्होंने कहा, “हमने जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और गवाहों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा और दरवाजे बरामद कर लिए जाएंगे।”
