मुंबई, चेंबूर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर देश जहाँ स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगाँठ मना रहा है, वहीं चेंबूर स्थित तेरापंथ भवन में एकादशम अधिशास्ता, युगप्रधान अणुव्रत अनुशास्ता आचार्यश्री महाश्रमणजी की विदुषी सुशिष्या साध्वीश्री निर्वाणश्रीजी एवं सहवर्ती साध्वीवृंद के पावन सान्निध्य में तेरापंथ युवक परिषद्, चेंबूर एवं अणुव्रत समिति, मुंबई के संयुक्त तत्त्वावधान में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर MBDD एवं Vision for Visionless 2.0 के बैनर का अनावरण भी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान एवं अणुव्रत गीत के संगान से हुआ। अणुव्रत समिति, मुंबई के उपाध्यक्ष श्री विनोदजी कोठारी ने अणुव्रत आचार-संहिता का वाचन करवाया। अणुव्रत समिति महिला मंडल द्वारा मंगलाचरण प्रस्तुत किया गया। अणुव्रत समिति, मुंबई के अध्यक्ष श्री रमेशजी सोनी ने वर्तमान समय में अणुव्रत की आवश्यकता एवं प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। कार्याध्यक्ष श्री रोशनजी मेहता ने बढ़ते व्यसन एवं सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक करते हुए अणुव्रत की उपयोगिता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। पर्यावरण प्रकोष्ठ के संयोजक श्री रमेशजी धोका ने पर्यावरण संरक्षण एवं अणुव्रत की प्रासंगिकता पर अपने विचार रखे। साध्वीवृंद द्वारा समूहगान की प्रस्तुति दी गई।
डॉ. योगक्षेम प्रभाजी ने युवाओं एवं बच्चों में बढ़ते तकनीकी उपयोग तथा उससे उत्पन्न विकारों पर प्रकाश डालते हुए जागरूकता का संदेश दिया। साध्वीश्री निर्वाणश्रीजी ने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब स्वतंत्रता की शुरुआत पहले स्वयं एवं घर से होकर समाज, राष्ट्र एवं विश्व तक पहुँचे। उन्होंने आत्म-अनुशासन, सदाचार एवं अणुव्रत के माध्यम से जीवन को स्वस्थ, संयमित एवं आंतरिक रूप से सुदृढ़ बनाने की प्रेरणा दी। मुंबई अणुव्रत समिति के सहमंत्री ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
स्थानीय तेरापंथ युवक परिषद्, चेंबूर के मंत्री श्री कपिलजी मेहता ने सभी संघीय संस्थाओं एवं उपस्थित जनों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रम आत्मबल बढ़ाने तथा जीवन को स्वस्थ, संयमित एवं आंतरिक रूप से मजबूत बनाने में अत्यंत लाभकारी हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती सुमनजी चपलोत ने किया। यह जानकारी तेरापंथ युवक परिषद्, चेंबूर के मीडिया प्रभारी श्री निलेश राठौड़ द्वारा दी गई।
रिपोर्ट :- दीपक राठौड़
स्वतंत्रता दिवस पर अणुव्रत चेतना का संदेश

