मुंबई। दक्षिण मुंबई के कालबादेवी स्थित आचार्य तुलसी सभागृह, महाप्रज्ञ पब्लिक स्कूल में अणुव्रत विश्व भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री रतनलाल दुग्गड़ ने शासनश्री साध्वी श्री कंचनप्रभाजी, शासन श्री साध्वी श्री मंज़ूरेखाजी आदि साध्वीवृंद के दर्शन कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नवकार महामंत्र के मंगल स्मरण के साथ हुआ। इस अवसर पर शासनश्री साध्वी श्री कंचनप्रभाजी एवं शासनश्री साध्वी श्री मंजुरेखाजी ने मंगल उद्बोधन प्रदान किया।
शासनश्री साध्वीश्री कंचनप्रभाजी ने कहा — आचार्य श्री तुलसी ने अणुव्रत आंदोलन के द्वारा जन-जन को चारित्रिक मूल्यों को जीवनगत बनाने का संदेश दिया। साम्प्रदायिक सौहार्द, धार्मिक सद्भावना, मानवीय मूल्यपरक उनके उपदेश अत्यंत प्रभावी रहे, जिसकी ही निष्पत्ति थी कि जैन, अजैन, सिक्ख, ईसाई आदि एक मंच पर उपस्थित हुए तथा भारतीय संस्कृति में अहिंसा का शंखनाद गूँजा।
शासनश्री साध्वी मंजुरेखाजी ने कहा — अणुव्रत आंदोलन के माध्यम से हजारों-हजारों व्यक्ति नशामुक्त बने। अणुव्रत जाति, भाषा व संप्रदायवाद से दूर हटकर मानव को मानवता से प्यार करना सिखाता है। इंसानियत का संदेश देता है।
आचार्य श्री तुलसी ने जो काम किया, वह जन-जन की जीवन शैली बन गई। अणुव्रत प्रामाणिकता देता है, नैतिक जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में सभा अध्यक्ष श्री देवेंद्र डागलिया, महिला मंडल अध्यक्ष श्रीमती लतिका डागलिया, अणुव्रत विश्व भारती के ट्रस्टी श्री अविनाश नाहर एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री रतनलाल दुग्गड़ ने अपने विचार एवं भावनाएँ व्यक्त कीं।
इस अवसर पर अणुव्रत विश्व भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री रतनलाल दुग्गड़, ट्रस्टी श्री अविनाश नाहर, उपाध्यक्ष श्री मनोज सिंघवी, कोषाध्यक्ष श्री विनोद कोठारी एवं कार्यसमिति सदस्य श्री रोशन मेहता की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में आचार्य महाप्रज्ञ विद्यानिधि फाउंडेशन के कार्याध्यक्ष श्री गणपतलाल डागलिया, मंत्री श्री लक्ष्मीलाल डागलिया, श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा दक्षिण मुंबई के अध्यक्ष श्री देवेंद्र डागलिया, उपाध्यक्ष श्री दिनेश धाकड़, मंत्री श्री पवन बोलिया, मीडिया प्रभारी श्री नितेश धाकड़, तेरापंथ युवक परिषद के मंत्री श्री श्रेयांस मुणोत, महिला मंडल अध्यक्ष श्रीमती लतिका डागलिया, मंत्री श्रीमती भाग्यश्री मेहता, कोषाध्यक्ष श्रीमती सुमन नाहर एवं अणुव्रत क्षेत्रीय संयोजक श्री नरेंद्र मुणोत सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
पधारे हुए अतिथियों का स्वागत स्थानीय संस्थाओं के पदाधिकारियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में श्री दिनेश धाकड़ ने आभार व्यक्त किया तथा श्री नरेंद्र मुणोत ने कुशल संचालन किया। यह जानकारी नितेश धाकड़ एवं दर्शन डागलिया ने दी।

