सीकर:राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग से पहले सभी पार्टियां पूरे जोर शोर से चुनाव प्रचार कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज(मंगलवार) राजस्थान के सीकर में एक रैली को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि सीकर यानी शौर्य, सौन्दर्य, शिक्षा और संस्कार। मुझे यहां आकर इस धरती पर बहुत गर्व हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह शूरवीरों की धरती है। लेकिन कांग्रेस आए दिन सेना का अपमान करती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आपके एक वोट ने बेटियों की जिंदगी बचा ली। मैं वसुंधरा जी को बधाई देता हूं कि उन्होंने एक रिकॉर्ड बनाया कि बलात्कारियों को कम समय में सजा का प्रावधान किया। उन्होंने कहा कि सोने का चम्मच लेकर जो पैदा हुए हैं, उन्हें ये कहां पता होगा कि खेत में नंगे पैर चलने पर दर्द होता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब नामदारों ने किसानों के कर्ज माफी की घोषणा की थी तब कर्ज था छह लाख करोड़ रुपये लेकिन माफ किया सिर्फ 58 हजार करोड़ रुपये। उन्होंने कहा कि इसमें जब सीएजी ने जांच की तो सामने आया कि 35 लाख किसान जिन्हें रुपये मिले, उनके पास कोई कर्ज नहीं था।
इससे पहले पीएम मोदी ने राजस्थान के हनुमानगढ़ में सिखों के प्रमुख धर्मस्थल करतारपुर साहिब को लेकर कांग्रेस पर प्रहार किया। पीएम मोदी ने कहा कि विभाजन के समय अगर कांग्रेस नेताओं ने थोड़ी समझदारी दिखाई होती तो हमारा करतारपुर हमसे अलग नहीं होता। मोदी ने कहा कि कांग्रेस की हर बड़ी गलती को ठीक करने का काम उनके नसीब में आया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने किसानों की मुसीबतों के लिए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया।

