मुंबई:भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से पूछा कि इंग्लैंड में 6 महीने बाद होने वाले वर्ल्ड कप से पहले शिखर धवन और महेंद्र सिंह धौनी को घरेलू टूर्नामेंट से बाहर रहने की अनुमति कैसे दी गई। टेस्ट टीम से बाहर धवन मेलबर्न में परिवार के साथ समय बिता रहे हैं। धौनी ने 1 नवंबर को वेस्टइंडीज के खिलाफ खत्म हुई वनडे सीरीज के बाद से क्रिकेट नहीं खेला है।
धौनी को टी20 टीम में नहीं चुना गया जबकि वो 2014 में ही टेस्ट से संन्यास ले चुके हैं। वो सिर्फ वनडे टीम का हिस्सा हैं। गावस्कर ने कहा, ‘हमें धवन और धौनी से नहीं पूछना चाहिए कि वे घरेलू क्रिकेट क्यों नहीं खेल रहे। हमें बीसीसीआई और चयनकर्ताओं से पूछना चाहिए कि उन्होंने खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट नहीं खेलने की अनुमति कैसे दी जब वे देश के लिए नहीं खेल रहे हैं।’
उन्होंने कहा, ‘अगर भारतीय टीम को अच्छा खेलना है तो खिलाड़ियों को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।’ गावस्कर ने कहा, ‘धौनी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज नहीं खेली। उसके पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज में भी वो टीम में नहीं हैं। उन्होंने आखिरी मैच 1 नवंबर को खेला और अगला जनवरी में खेलेंगे। वर्ल्ड कप टीम में उनकी जगह को लेकर और सवाल उठेंगे।’ उन्होंने कहा, ‘उम्र के साथ खेल में बदलाव आता है। अगर आप घरेलू स्तर पर ही क्रिकेट खेलते रहे तो करियर का विस्तार करने में मदद मिलती है और अभ्यास भी हो जाता है।’
गावस्कर ने बीसीसीआई से मांगा जवाब

