08.05.2025, गुरुवार, काणोदर, बनासकांठा (गुजरात) : पालनपुर को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करने के साथ जैन श्वेताम्बर तेरापंथ धर्मसंघ के स्वर्णिम अध्याय में महनीय आयोजन का स्थान प्रदान करने के उपरान्त गुरुवार को जैन श्वेताम्बर तेरापंथ धर्मसंघ के एकादशमाधिशास्ता, युगप्रधान आचार्यश्री महाश्रमणजी अपनी धवल सेना के अगले गंतव्य की ओर गतिमान हुए तो पालनपुरवासियों ने अपने आराध्य के चरणों में कृतज्ञ भाव अर्पित किए। सभी पर मंगल आशीष की वृष्टि करते हुए आचार्यश्री आगे बढ़ चले। लगभग 9 किलोमीटर का विहार कर आचार्यश्री महाश्रमणजी अपनी धवल सेना संग काणोदर में स्थित एस.के.एम. हाईस्कूल में पधारे। संबंधित लोगों ने आचार्यश्री का श्रद्धायुक्त स्वागत किया।


विद्यार्थी में विभिन्न विषयों और भाषाओं का ज्ञान बढ़े तो उसके साथ अच्छे संस्कार और चारित्र भी अच्छा हो तो उनके जीवन में पूर्णता की बात आ सकती है। ज्ञान और चारित्र दोनों का मिश्रण हो जाता है तो विद्यार्थी का जीवन उन्नत बन सकता है।
आचार्यश्री ने आगे कहा कि आज से 23 वर्ष पूर्व परम पूज्य आचार्यश्री महाप्रज्ञजी अपनी अहिंसा यात्रा के साथ आए थे और इस विद्यालय के परिसर में प्रवास हुआ था। यहां आने से उस समय की कुछ स्मृति हो रही है। उस समय मैं उनके साथ सेवा में आया था। हम विद्यार्थियों व अन्य लोगों में सद्भावना, नैतिकता व नशामुक्ति की बात बताते रहते हैं कि सभी का जीवन अच्छा बन सके।
आचार्यश्री के मंगल प्रवचन के उपरान्त मुनिश्री अक्षयप्रकाशजी ने अपनी भावाभिव्यक्ति दी। आचार्यश्री के स्वागत में एस.के.एम. हाईस्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती बिन्दुबेन ठक्कर ने अपनी विचाराभिव्यक्ति दी। श्री मोहम्मद भाई सुनसरा ने भी अपनी भावाभिव्यक्ति दी।