राजकुमार गौतम, कप्तानगंज, बस्ती (उ० प्र०)। कप्तानगंज थाना क्षेत्र की दुबौला चौकी अंतर्गत एकटेकवा चौराहे के पास चोराहा घाट पर चल रहा मूर्ति विसर्जन का कार्य खबर लिखे जाने तक शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न हुआ। विसर्जन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही, जिसकी निगरानी स्वयं क्षेत्राधिकार कलवारी एवं थाना प्रभारी द्वारा की गई।
मूर्ति विसर्जन की व्यवस्थाओं और सुरक्षा का जायजा लेने के लिए थाना प्रभारी आलोक कुमार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ लगातार गश्त करते रहे। उन्होंने सुनिश्चित किया कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और लोग शांति से अपनी-अपनी प्रतिमाओं का विसर्जन कर सकें। विसर्जन स्थल पर शांति व्यवस्था बनाए रखने में दुबौला चौकी प्रभारी राकेश कुमार मिश्रा और उनकी टीम की भूमिका सराहनीय रही।
चौकी प्रभारी मिश्रा ने बताया कि पुलिस प्रशासन किसी भी आकस्मिक घटना या विपरीत परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तत्पर और तैयार है। उनकी मुस्तैदी का ही परिणाम रहा कि विसर्जन का कार्य बिना किसी व्यवधान के हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर शाम तक लगभग 30 मूर्तियों का विसर्जन सफलतापूर्वक और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो चुका था। पुलिस प्रशासन की सक्रियता और जनसहयोग से यह धार्मिक अनुष्ठान सद्भाव और शांति के माहौल में संपन्न हुआ।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत एकटेकवा के चोरहा घाट पर शांतिपूर्ण संपन्न हुआ मूर्ति विसर्जन

