लॉडरहिल:भारत ने रविवार को फ्लोरिडा में खेले गए दूसरे टी-20 में वेस्टइंडीज को 22 रन से हराया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने विंडीज के खिलाफ लगातार दूसरी सीरीज जीत ली। पिछली बार 2018 में घरेलू मैदान पर विंडीज को 3-0 से हराया था। टीम इंडिया ने विदेश में 8 साल बाद विंडीज के खिलाफ सीरीज अपने नाम की। पिछली बार भारत 2011 में वेस्टइंडीज में 1-0 से सीरीज जीता था। भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज लगातार पांचवें मैच में हराया।
टॉस जीतकर भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 167 रन बनाए। विंडीज ने 15.3 ओवर में 4 विकेट पर 98 रन बना लिए थे, लेकिन तभी बारिश के कारण खेल रोक दिया गया। वह डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर भारत से 22 रन पीछे रह गया।
दोनों टीमों के बीच अब तक 5 सीरीज हुई
| साल | कहां हुआ | कौन जीता | कितने मैच की सीरीज | जीत का अंतर |
| 2011 | वेस्टइंडीज | भारत | 1 | 1-0 |
| 2016 | अमेरिका | वेस्टइंडीज | 2 | 1-0 |
| 2017 | वेस्टइंडीज | वेस्टइंडीज | 1 | 1-0 |
| 2018 | भारत | भारत | 3 | 3-0 |
| 2019 | अमेरिका-वेस्टइंडीज | भारत | 3 | 2-0* |
*सीरीज जारी।
रोहित ने 17वां अर्धशतक लगाया
रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा 67 रन की पारी खेली। विराट कोहली ने 28 रन बनाए। वेस्टइंडीज के लिए शेल्डन कॉटरेल ने 2 और ओशेन थॉमस ने 2 विकेट लिए। रोहित ने 17वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय टी-20 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। गेल ने 58 मैच में 105 छक्के लगाए थे।
टी-20 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज
| बल्लेबाज | देश | मैच | छक्के |
| रोहित शर्मा | भारत | 96 | 107 |
| क्रिस गेल | वेस्टइंडीज | 58 | 105 |
| मार्टिन गुप्टिल | न्यूजीलैंड | 76 | 103 |
| कॉलिन मुनरो | न्यूजीलैंड | 52 | 92 |
| ब्रेंडन मैकुलम | न्यूजीलैंड | 71 | 91 |
कॉटरेल ने कोहली को लगातार दूसरे मैच में आउट किया
शिखर धवन 16 गेंद पर 23 रन बनाकर कीमो पॉल की गेंद पर आउट हुए। उन्होंने रोहित के साथ पहले विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी की। विराट कोहली 28 रन बनाकर शेल्डन कॉटरेल की गेंद पर बोल्ड हो गए। पिछले मैच में भी कोहली को कॉटरेल ने ही आउट किया था। ऋषभ पंत 4 रन बनाकर आउट हुए। पिछले मैच में वे खाता भी नहीं खोल सके थे। मनीष पांडेय (6) को कॉटरेल ने आउट किया। क्रुणाल पंड्या 20 और रविंद्र जडेजा 9 रन बनाकर नाबाद रहे।
रोवमन पॉवेल ने अर्धशतकीय पारी खेली
विंडीज के लिए रोवमन पॉवेल ने करियर का दूसरा अर्धशतक लगाया। वे 54 रन बनाकर क्रुणाल की गेंद पर आउट हुए। क्रुणाल ने इसी ओवर में निकोलस पूरन को 19 रन पर आउट किया। इससे पहले इविन लेविस खाता खोले बगैर भुवनेश्वनर कुमार की गेंद पर आउट हो गए। सुनील नरेन (4) को वॉशिंगटन सुंदर ने बोल्ड कर दिया।

