नीरज राज/बस्ती। बस्ती जिले के छावनी थाना क्षेत्र के दुभरा निर्वाहन गांव में शादी की बातचीत टूटने से आहत 26 वर्षीय युवक की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। मंगलवार देर शाम अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) विक्रमजोत ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज अयोध्या रेफर कर दिया गया, जहां बुधवार सुबह करीब नौ बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार के सबसे बड़े बेटे की मौत से घर में चीख-पुकार मच गई।
डेढ़ साल पहले शुरू हुई थी शादी की बातचीत
परिजनों के मुताबिक, रामशंकर गुप्ता के चार बेटों में सबसे बड़ा सूरज गुप्ता (26) गांव में किराने की दुकान चलाता था। उसके पिता भी दूसरी दुकान संभालते थे। करीब डेढ़ वर्ष पहले बभनान के हलुआ बाजार में सूरज की शादी की बातचीत शुरू हुई थी। करीब तीन महीने पहले पारिवारिक अड़चनों के चलते रिश्ता तय होने की बातचीत टूट गई थी। हालांकि, इसके बाद भी सूरज की संबंधित युवती से फोन पर बातचीत होती रही।
दुकान बंद करने के बाद बिगड़ी तबीयत
बताया जा रहा है कि मंगलवार को शादी की बातचीत टूटने को लेकर सूरज तनाव में था। देर शाम दुकान बंद करने के बाद वह फोन पर युवती से बात कर रहा था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद उसे उल्टियां होने लगीं और हालत बिगड़ गई। वह घर पहुंचा और परिजनों को अपनी तबीयत खराब होने की जानकारी दी।
परिजन आनन-फानन में उसे सीएचसी विक्रमजोत ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अयोध्या रेफर कर दिया गया, जहां बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सूरज की मौत से मां सीता देवी, पिता रामशंकर गुप्ता और भाई रोहित, विकास व मोहित का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सबसे बड़े बेटे की असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
इस संबंध में छावनी के प्रभारी निरीक्षक राणा देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है।
