नीरज राज/बस्ती। बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में आग लगने से पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजमणि चौधरी की गन्ने की फसल को भारी नुकसान हुआ है। बुधवार दोपहर पटियवा (पगार) गांव में अज्ञात कारणों से लगी आग में करीब दो बीघा गन्ने की फसल जलकर राख हो गई। आग की लपटें देखकर गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने एकजुट होकर घंटों मशक्कत की, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए। काफी प्रयास के बाद आग को आसपास के खेतों तक फैलने से रोका गया। हालांकि, तब तक दो बीघा गन्ने की फसल पूरी तरह जल चुकी थी।
इस संबंध में कप्तानगंज थानाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि ग्रामीणों ने आग बुझा दी है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
