मुंबई:महाराष्ट्र में कोरोनावायरस का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। राज्य की शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ भी कोरोना पॉजिटिव हुईं हैं। शिक्षा मंत्री को मामूली लक्षण हैं। मंत्री ने ट्वीट कर बताया कि पॉजिटिव की रिपोर्ट आने के बाद उन्होंने खुद को घर पर क्वारंटाइन कर लिया है और उनके संपर्क में आने वाले लोगों से कोरोना टेस्ट करवाने की मांग की है।
वर्षा गायकवाड़ ने अपने ट्वीट में कहा,’कल शाम पहली बार मामूली लक्षण महसूस होने के बाद मैंने COVID-19 टेस्ट करवाया था। मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। मुझे मामूली लक्षण हैं। मैं ठीक हूं और खुद को आइसोलेट कर लिया है। पिछले कुछ दिनों में मुझसे मिलने वालों से सावधानी बरतने और टेस्ट करवाने का अनुरोध है।”
राज्य विधानसभा का शीतकालीन सत्र चल रहा है। इसमें प्रतिदिन स्कूली शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ भाग ले रहीं थीं। सोमवार को वे कई पत्रकारों से भी मिलीं थीं। वे कई मंत्रियों और विधायकों के संपर्क में भी हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि सत्र में शामिल होने वाले कुछ और लोग भी कोरोना पॉजिटिव हो सकते हैं।
महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के मामले 167 तक पहुंचे
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट के 26 नए मामलों की पुष्टि हुई है। इसके बाद प्रदेश में कुल मामले 167 पहुंच गए हैं। इनमें से 11 मामले मुंबई में, रायगढ़ के पणवेल नगर निगम क्षेत्र में पांच, ठाणे नगर निगम क्षेत्र में चार, नांदेड में दो और नागपुर, पालघर, भिवंडी-निजामपुर नगर निगम क्षेत्र (ठाणे जिला) और पुणे ग्रामीण में एक-एक मामला आया है।
मुंबई में 809 नए कोरोना मरीजों की हुई पुष्टि
वहीं, देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में सोमवार को कोविड-19 के 809 नए मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या 7,71,921 हो गई और तीन और मरीजों की मौत हो जाने से मरने वालों का आंकड़ा 16,373 तक चला गया। पिछले 24 घंटों के दौरान मुंबई में नए मामले रविवार के 922 नये मामलों से कम हैं। 335 मरीजों को छुट्टी दे दिए जाने के बाद महानगर में इस वायरस को मात देने वालों की संख्या बढ़कर 7,48,199 हो गई है। जबकि फिलहाल 4,765 मरीज इलाज करा रहे हैं। वहीं, अधिकारी का कहना है कि पिछले 24 घंटे में 43,383 नमूनों की जांच की गई है और अबतक यहां 1,34,92,241 कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं. फिलहाल संक्रमण से उबरने की दर 97 प्रतिशत है।