फ्लोरिडा:भारत ने फ्लोरिडा में शनिवार को पहले टी-20 में वेस्टइंडीज को 4 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम 3 टी-20 की सीरीज में 1-0 से आगे हो गई। विंडीज की खिलाफ इस फॉर्मेट में टीम इंडिया ने लगातार चौथी जीत दर्ज की। उसे पिछली बार 2017 में किंग्स्टन में हार मिली थी। इस जीत के साथ ही भारत ने 2016 में इस मैदान पर विंडीज से मिली हार का बदला भी ले लिया। सीरीज का दूसरा मैच रविवार को इसी ग्राउंड पर खेला जाएगा।
भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 95 रन ही बना सकी। उसके लिए कीरोन पोलार्ड ने 49 रन बनाए। भारत के लिए डेब्यू मैच में नवदीप सैनी ने 3 विकेट लिए। टीम इंडिया ने 17.2 ओवर में 6 विकेट पर 98 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।
ऋषभ पंत खाता भी नहीं खोल सके
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर शेल्डन कॉटरेल ने शिखर धवन (1) को आउट कर दिया। रोहित शर्मा 24 रन बनाकर सुनील नरेन की गेंद पर पोलार्ड को कैच थमा बैठे। ऋषभ पंत खाता खोले बगैर नरेन की गेंद पर आउट हो गए। मनीष पांडेय 19 रन बनाकर कीमो पॉल की गेंद पर बोल्ड हो गए। विराट कोहली 19 रन बनाकर कॉटरेल की गेंद पर पोलार्ड को कैच थमा बैठे। क्रुणाल पंड्या (12) को कीमो पॉल ने बोल्ड कर दिया।
सैनी ने अपने पहले ओवर में पूरन-हेटमायर को आउट किया
नवदीप सैनी ने अपने पहले ही ओवर में निकोलस पूरन (20) को ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। सैनी का अंतरराष्ट्रीय करियर में यह पहला विकेट है। इसके बाद अगली ही गेंद पर उन्होंने शिमरॉन हेटमायर (0) को बोल्ड कर दिया। सैनी ने आखिरी ओवर में पोलार्ड को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। उन्होंने इस ओवर में एक भी रन नहीं दिया।
ब्रैथवेट ने 49 गेंद पर 9 रन बनाए
रोवमन पॉवेल (4) को खलील अहमद ने पंत के हाथों कैच कराया। क्रुणाल पंड्या ने कार्लोस ब्रैथवेट को आउट किया। ब्रैथवेट 24 गेंद पर 9 रन ही बना सके। सुनील नरेन (20) को जडेजा ने खलील के हाथों कैच कराया। सुनील नरेन (2) को रविंद्र जडेजा ने खलील अहमद के हाथों कैच कराया। कीमो पॉल (3) को भुवनेश्वर ने विराट कोहली के हाथों कैच कराया।
एक साल बाद विंडीज के ओपनर्स खाता भी नहीं खोल सके
इससे पहले विंडीज का पहला विकेट शून्य के स्कोर पर गिरा। वॉशिंगटन सुंदर ने पहले ही ओवर में जॉन कैम्पबेल (0) को क्रुणाल पंड्या के हाथों कैच कराया। इविन लुईस (0) को भुवनेश्वर कुमार ने दूसरे ओवर में बोल्ड कर दिया। एक साल बाद विंडीज के दोनों ओपनर बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके। पिछली बार न्यूजीलैंड के खिलाफ माउंट माउनगानुई में क्रिस गेल और वॉल्टन खाता नहीं खोल सके थे।
भारत का जीत से आगाज, विंडीज को 4 विकेट से हराया

