मुंबई: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले शिवसेना और बीजेपी के बीच मचे घमासान के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीसका बयान आया है। सीएम फडणवीस ने कहा है कि वह शिवसेना की युवा इकाई के प्रमुख आदित्य ठाकरे को उपमुख्यमंत्री पद देने के लिए तैयार हैं। साथ ही उन्होंने यह भी साफ किया है कि चाहे कुछ भी हो महाराष्ट्र में बीजेपी और शिवसेना मिलकर चुनाव लड़ेंगी।
देवेंद्र फडणवीस ने कहा, ‘यह तो साफ है कि किसी भी कीमत पर इस चुनाव में बीजेपी, शिवसेना और दूसरे सहयोगी मिलकर चुनाव लड़ेंगे।’ फडणवीस ने आगे कहा, ‘अपने पुराने सहयोगियों को साइडलाइन कर देना हमारी परंपरा में नहीं है भले ही हम सबसे बड़ा दल क्यों न हों। हम बराबर सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं।’ उन्होंने कहा कि सीटों का बंटवारा 130 से 140 तक हो सकता है और बाकी बची हुई सीटें सहयोगी दलों को बांट दी जाएंगी। बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा में 288 सीटें हैं।
चर्चा है कि शिवसेना अब आदित्य ठाकरे को उप मुख्यमंत्री पद के लिए प्रॉजेक्ट कर रही है। इस पर देवेंद्र फडणवीस ने जवाब दिया, ‘हमें इससे कभी कोई समस्या नहीं थी। हम अभी भी उन्हें यह पद देने को तैयार हैं। ठाकरे परिवार से चुनाव लड़ने वाले आदित्य पहले सदस्य होंगे और हमें खुशी होगी अगर वह हमारी सरकार का हिस्सा बनेंगे।’
आदित्य पहले ही राज्यव्यापी ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ पर हैं और अब फडणवीस ने भी 1 अगस्त से अपनी ‘महाजनादेश यात्रा’ शुरू कर दी है। इससे पहले मुंबई में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए फड़णवीस ने कहा था,‘मैं सिर्फ बीजेपी का ही नहीं बल्कि शिवसेना, आरपीआई, राष्ट्रीय समाज पक्ष (राज्य सरकार में सभी सहयोगी पार्टियों) का भी मुख्यमंत्री हूं। जनता यह निर्णय करेगी कि कौन अगला मुख्यमंत्री होगा। आपको चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। हमारा काम ही हमारे लिए बोलेगा।’
आदित्य ठाकरे को डेप्युटी सीएम पद देने के लिए तैयार हूं: देवेंद्र फडणवीस

