बस्ती:- कोतवाली और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने उत्तर प्रदेश शासन का फर्जी लोगो और लाल-नीली बत्ती लगी इनोवा कार से घूमकर खुद को OSD बताने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी पहचान के जरिए VIP प्रोटोकॉल लेने और सरकारी कार्यालयों में प्रवेश करने का प्रयास करता था।
पुलिस के मुताबिक, 26 अगस्त 2026 को बड़ेबन चौकी क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान UP32HW2225 नंबर की सफेद इनोवा को रोका गया। कार में बैठे युवक ने खुद को उत्तर प्रदेश सरकार के सचिवालय का OSD बताते हुए पुलिस पर रौब जमाने का प्रयास किया और विजिटिंग कार्ड दिखाया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहसिन खान पुत्र वसीम खान, उम्र करीब 28 वर्ष के रूप में हुई है। उसका स्थायी पता रोडवेज के पीछे, चईयाबारी, थाना पुरानी बस्ती, जनपद बस्ती बताया गया है। उसका वर्तमान पता 51/ए, दारुलशफा, हजरतगंज, लखनऊ बताया गया है।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 5 फर्जी OSD विजिटिंग कार्ड, दो वॉकी-टॉकी, चार ATM कार्ड, एक Apple iPhone, एक की-पैड मोबाइल और 2,700 रुपये नकद बरामद किए गए। इनोवा पर उत्तर प्रदेश शासन का फर्जी लोगो और लाल-नीली बत्ती भी लगी मिली।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह फर्जी पहचान के सहारे विभिन्न जिलों और राज्यों में जाता था। पुलिस के अनुसार वह फर्जी कार्ड दिखाकर VIP प्रोटोकॉल लेने, टोल से छूट पाने और सरकारी कार्यालयों में प्रवेश करने का प्रयास करता था। लोगों से अधिकारियों से काम कराने के नाम पर पैसे लेने की बात भी सामने आई है।
मामले में कोतवाली थाने में मु0अ0सं0 371/2026 के तहत BNS की विभिन्न धाराओं और 66D IT Act में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति फर्जी अधिकारी बनकर या फर्जी लाल-नीली बत्ती लगाकर घूमता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
