विकास धाकड़/मुंबई। युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमण जी के विद्वान सुशिष्य मुनि श्री कुलदीप कुमार जी एवं मुनि श्री मुकुल कुमार जी दिनांक 5 जून 2025 को कांदिवली से विहार कर बोरीवली पधारे। आगामी तीन दिनों तक वे बोरीवली क्षेत्र को अपनी दिव्य उपस्थिति से आलोकित करेंगे। उनके आगमन पर तेरापंथ समाज के समस्त परिवारों में हर्ष और उत्साह का वातावरण व्याप्त हो गया। फलस्वरूप उनके दर्शन, वंदन एवं सान्निध्य का लाभ प्राप्त करने के लिए समाज के स्नेही स्वजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस पावन अवसर पर मुनि श्री कुलदीप कुमार जी ने अपने तेजस्वी वचनों में कहा:मनुष्य जीवन दुर्लभ है और धर्म लाभ उससे भी दुर्लभ। बोरीवली वासियों के लिए यह तीन दिन तप, स्वाध्याय और संयम की साधना के हैं। धर्म में जितना समय लगाएँगे, जीवन उतना ही मूल्यवान बनता जाएगा।” वहीं मुनि श्री मुकुल कुमार जी ने युवाओं और परिवारों को प्रेरित करते हुए कहा,धर्म को केवल सुनने तक न रखें, उसे जीवन का व्यवहार बनाएं। तीन दिन तक आत्मा के उत्थान के लिए स्वयं को समर्पित करें यही मंगलकामना है।
इस शुभ अवसर पर समाज की सभी प्रमुख संस्थाओं का विशेष योगदान रहा, श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, तेरापंथ युवक परिषद, तेरापंथ महिला मंडल, तेरापंथ किशोर मंडल, तेरापंथ कन्या मंडल, बोरीवली इन सभी संस्थाओं के सम्मानित पदाधिकारियों ने आयोजन की सफलता हेतु तन-मन-धन से विशिष्ट सहयोग प्रदान किया। उनके सक्रिय संयोजन व समर्पण से आगमन की समस्त व्यवस्थाएँ अत्यंत सुव्यवस्थित रहीं। बोरीवली समाज के लिए यह तीन दिवसीय धर्म अवसर आत्मविकास, साधना और प्रेरणा का केंद्र बनकर सामने आया है। समाज के वरिष्ठजनों से लेकर युवाओं तक में धर्माराधना की नई चेतना का संचार हुआ है। आगामी दिनों में विविध कार्यक्रमों एवं प्रवचनों के माध्यम से मुनिद्वय बोरीवली समाज को आध्यात्मिक ऊँचाइयों की ओर प्रेरित करते रहेंगे
मुनि कुलदीप कुमार जी एवं मुनि मुकुल कुमारजी का बोरीवली आगमन

