न्यूयॉर्क:राफेल नडाल और एंडी मर्रे उन 12 खिलाड़ियों में शामिल है जो इस महीने वर्चुअल (आभासी) मैड्रिड ओपन टेनिस टूर्नामेंट में भाग लेंगे। इन दोनों के अलावा इस ऑनलाइन प्रतियोगिता में डेविड गोफिन, जॉन इस्नर, करेन खाचानोव, यूजीन बाउचर्ड, क्रिस्टीना मलदेनोविच और किकी बर्टेंस अपने घरों से भाग लेंगे।
27-30 अप्रैल को होने वाली टूर्नामेंट का टेलीविजन और सोशल मीडिया चैनलों पर सीधा प्रसारण होने की उम्मीद है। खाचानोव ने कहा, ”यह दिलचस्प पहल है और इससे हमारे खेल में कुछ प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगा। मैं अपने साथी खिलाड़ियों को चुनौती देने और दुनिया भर के टेनिस प्रशंसकों को अपना कौशल दिखाने के लिए उत्सुक हूं।”
पुरुषों और महिलाओं वर्ग में पुरस्कार राशि के तौर पर 164,000 डॉलर वितरित किए जाएंगे। जिसमें विजेता के पास यह तय करने का विकल्प होगा कि वह कितनी रकम दान करना चाहते है। कोविड-19 महामारी के कारण मैड्रिड ओपन को स्थगित कर दिया गया है, इसका आयोजन अप्रैल एक से 10 मई तक होगा। कोरोना वायरस की वजह से टूर्नामेंट्स की नई तारीखों का ऐलान भी नहीं हो पा रहा है।
बता दें कि दुनिया भर में कोरोना वायरस के संक्रमण से मरने वालों की संख्या सोमवार (13 अप्रैल) की रात 11 बजे तक एक लाख 17 हजार 569 हो गई है। अमेरिका कोरोना से मौत के मामले में दुनिया का सबसे बड़ा देश बन चुका है।
अमेरिका के बाद इटली में 20465 मौत, स्पेन में 17489 मौत, फ्रांस में 14393 मौत और इंग्लैंड में 11329 मौत हो चुकी है। चीन में दिसम्बर में इस महामारी के सामने आने के बाद से 193 देशों और क्षेत्रों में 18 लाख 83 हजार से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं।

