मुंबई:महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने देशव्यापी लॉकडाउन प्रभावी होने के बाद से महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ने की घटनाओं पर चिंता जाहिर की है और कहा कि अपराधियों को यह नहीं मानना चाहिए कि पुलिस लोगों को घरों के भीतर रखने में व्यस्त है और उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करेगी।
देशमुख ने कहा कि पुलिस महिलाओं के साथ हिंसा और उनका उत्पीड़न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। देशमुख ने रविवार को एक बयान में कहा, “विकृत मानसिकता के कुछ लोग महिलाओं के खिलाफ अपराध कर रहे हैं और यह मानकर चल रहे हैं कि पुलिस बंद को प्रभावी बनाने में व्यस्त है तो उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं करेगी। यह सच से कोसों दूर है।”
उन्होंने कहा, “मैंने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि वे ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी धाराएं लगाए और सख्त कदम उठाए।” उन्होंने आगे कहा, “हमारे पास इससे निपटने के लिए कड़े कानून है। लोगों को किसी भी बुलावे में नहीं रहना चाहिए।”

