सिडनी:ऑस्ट्रेलिया के महान फुटबाल खिलाड़ी टिम काहिल ने आधिकारिक तौर पर फुटबॉल से संन्यास की घोषणा कर दी है। काहिल ने पिछले साल नवंबर में घोषणा की थी कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नहीं खेलेंगे। वह इंडियन सुपर लीग के क्लब जमशेदपुर एफसी से जुड़े थे, लेकिन उन्होंने कहा कि अब वह टीम के साथ अपने करार को नहीं बढ़ाएंगे। 39 वर्षीय टिम काहिल ऑस्ट्रेलिया के लिए चार फीफा विश्व कप खेल चुके हैं और अब टीवी में एक विशेषज्ञ के रूप में काम करना चाहते हैं।
टिम काहिल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 50 अंतरराष्ट्रीय गोल दागे
काहिल ने कहा, ‘अब मैं फुटबॉल के लिए काफी उम्रदराज हो चुका हूं। मैंने भारत में बेहतरीन छह महीने गुजारे,लेकिन अब मेरी टीवी में दिलचस्पी है, मैं अपना ए लाइसेंस शुरू करने वाला हूं और अपने परिवार के साथ समय बिताना चाहता हूं।’ काहिल अपने शानदार करियर में एवर्टन, मिलवॉल, न्यूयॉर्क रेड बुल्स जैसे दिग्गज क्लबों के लिए खेल चुके हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 108 अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मैच खेले, जिसमें उन्होंने अपने देश के लिए कुल 50 गोल दागे।
गोंजालो हिगुएन ने भी अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से लिया संन्यास
अर्जेंटीना के फुटबॉल खिलाड़ी गोंजालो हिगुएन ने भी अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि अब वह अपने परिवार और प्रीमियर लीग क्लब चेल्सी पर अधिक ध्यान दे सकेंगे। अर्जेंटीना राष्ट्रीय टीम के लिए 75 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले 31 साल के इस स्ट्राइकर ने पिछले साल विश्व कप में नाइजीरिया के खिलाफ अपना अंतिम अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था। गोंजालो हिगुएन ने अर्जेंटीना के लिए 35 गोल दागे। वह 2014 में विश्व कप के फाइनल में पहुंचने वाली अर्जेंटीना की टीम का हिस्सा थे।

