नई दिल्ली:भारतीय खिलाड़ियों किदांबी श्रीकांत और पारुपल्ली कश्यप ने शुक्रवार को अपने-अपने मुकाबले जीतकर योनेक्स सनराइज इंडिया ओपन बैडमिंटन टूनार्मेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के के.डी. जाधव इंडोर हाल में जारी टूनार्मेंट में तीसरी सीड श्रीकांत ने हमवतन बी.साई प्रणीत को तीन गेम तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में 21-23, 21-11, 21-19 से मात दी। भारत के दोनों खिलाड़ियों के बीच यह मुकाबला एक घंटे और दो मिनट तक चला। सेमीफाइनल में श्रीकांत का मुकाबला चीन के हुआंग युक्सियांग से होगा।
महिला युगल वर्ग में भारत के हाथ लगी निराशा
राष्ट्रमंडल खेलों के पूर्व चैम्पियन कश्यप सीधे गेम में जीत के साथ अंतिम चार में प्रवेश करने में सफल रहे। वर्ल्ड नंबर-55 कश्यप ने चीनी ताइपे के वैंग जू वेई को 21-16, 21-11 से शिकस्त दी। महिला युगल वर्ग में हालांकि, भारत को निराशा हाथ लगी। अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी की जोड़ी क्वार्टर फाइनल में हारकर टूनार्मेंट से बाहर हो गई। भारतीय जोड़ी को इंडोनेशिया की ग्रेसिया पोली और अप्रियानी रहायू की जोड़ी ने सीधे सेटों में 21-10, 21-18 से पराजित किया। यह मुकाबला 37 मिनट तक चला।
INDIA OPEN: पारुपल्ली कश्यप और किदांबी श्रीकांत सेमीफाइनल में पहुंचे

