मुंबई। उन्नाव बलात्कार मामले के आरोपी, भाजपा विधायक कुलदीप सेंगर की सजा को अदालत द्वारा निलंबित किए जाने का गंभीर मुद्दा सामने आया है। उन्नाव जैसे मामले में पीड़िता को न्याय दिलाने के बजाय आरोपी को राहत देने वाली व्यवस्था भाजपा की मानसिकता को दर्शाती है। ‘बेटी बचाओ’ केवल एक नारा है, जबकि वास्तव में भाजपा बेटी पर अन्याय करने वालों के साथ खड़ी है। ऐसे सरकार के खिलाफ युवा कांग्रेस सड़कों पर उतरकर संघर्ष करती रहेगी, यह चेतावनी मुंबई युवा कांग्रेस की अध्यक्ष ज़ीनत शबरीन ने दी।
उन्नाव मामले को लेकर मुंबई युवा कांग्रेस की अध्यक्ष ज़ीनत शबरीन के नेतृत्व में युवा कांग्रेस ने सांताक्रूज़ से चर्चगेट के बीच लोकल ट्रेन से यात्रा करते हुए यात्रियों से संवाद कर अनोखे तरीके से आंदोलन किया। इस आंदोलन में मुंबई युवा कांग्रेस के प्रभारी पवन मजीठिया, प्रदेश महासचिव संतोष गुप्ता, उत्तर-पश्चिम जिला अध्यक्ष शिव जतन यादव, दक्षिण-मध्य जिला अध्यक्ष प्रज्ञा धावले सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल थे। लोकल ट्रेन में यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने यात्रियों से सीधे संवाद कर उन्नाव बलात्कार मामले की पूरी जानकारी दी और इस प्रकरण में सरकार की शर्मनाक भूमिका को जनता के सामने रखा।
इस अवसर पर बोलते हुए ज़ीनत शबरीन ने कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ भाजपा के खोखले नारे हैं। उन्नाव प्रकरण ने भाजपा का असली चेहरा उजागर कर दिया है और यह स्पष्ट हो गया है कि भाजपा सत्ता के बल पर सेंगर जैसे बलात्कारियों को बचा रही है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए संवेदनशील, संवैधानिक और न्यायपूर्ण भूमिका निभाने के बजाय भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर आरोपियों को संरक्षण दे रही है। इस मामले में आरोपी को राहत देने वाले सभी फैसलों का विरोध करते हुए, पीड़िता को पूरा न्याय मिलने तक युवा कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा, ऐसा दृढ़ संकल्प भी इस दौरान व्यक्त किया गया। इस जनजागरण अभियान के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा की दोहरी नीति का तीव्र विरोध किया। महिलाओं की सुरक्षा के नाम पर केवल प्रचार करने वाली भाजपा वास्तव में आरोपियों के पक्ष में खड़ी रहती है-इस विरोधाभास को जनता तक पहुंचाना ही इस आंदोलन का उद्देश्य था, ऐसा ज़ीनत शबरीन ने कहा।
उन्नाव बलात्कार मामले में मुंबई युवा कांग्रेस का लोकल ट्रेन में जनजागरण आंदोलन
Highlights
- ‘बेटी बचाओ’ भाजपा का खोखला नारा, बेटी पर अत्याचार करने वालों के साथ भाजपा खड़ी

