मुंबई:कोरोनावायरस के चलते लॉकडाउन के बाद दिहाड़ी मजदूर अपने राज्यों को लौट रहे हैं। कई जगह इन्हें सैकड़ों किलोमीटर की पैदल यात्रा करनी पड़ रही है, तो कहीं पुलिस इन्हें रोक रही है। मुंबई से इस तरह मजदूरों के पलायन पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा- मैं लोगों से अपील करता हूं कि यहीं रहें। हम उनका ध्यान रखेंगे। इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखकर दूसरे प्रदेशों के मजदूरों की दुर्दशा पर चिंता जताई है। सोनिया ने कहा है कि इन मजदूरों के लिए सावर्जनिक वाहनों की व्यवस्था की जाए, ताकि वे सुरक्षित अपने गांवों तक पहुंच सकें।

