मुंबई। अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल ने दिल्ली में आयोजित महिला स्वास्थ्य शिबिर में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाकर देश का नाम रोशन किया है। 4 फरवरी 2026 को आरोग्यम प्रोजेक्ट के अंतर्गत आयोजित विशेष महिला स्वास्थ्य शिक्षा अभियान में केवल 8 घंटे के भीतर सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग के लिए सर्वाधिक महिलाओं का पंजीकरण कर मंडल ने विश्व रिकॉर्ड कायम किया। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स द्वारा जारी आधिकारिक प्रमाण-पत्र में उल्लेख है कि दिल्ली के विभिन्न केंद्रों पर एक साथ आयोजित इस अभियान में अभूतपूर्व भागीदारी दर्ज हुई, जो महिला स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित हुई।
इस अवसर पर कार्यक्रम से जुड़े चिकित्सकों, स्वयंसेविकाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही। मंच पर रिकॉर्ड प्रमाण-पत्र के साथ मौजूद प्रतिनिधियों ने इस उपलब्धि को सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया।
महिला मंडल की टीम ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना, समय पर जांच को सामान्य आदत बनाना और अधिकाधिक महिलाओं को निःशुल्क/सुलभ स्क्रीनिंग से जोड़ना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रहा। महिला स्वास्थ्य के प्रति समाज में व्याप्त झिझक और अज्ञानता को तोड़ते हुए तेरापंथ महिला मंडल का यह प्रयास एक प्रेरक उदाहरण बनकर उभरा है। संगठन ने भविष्य में भी देशभर में इसी तरह के स्वास्थ्य शिविरों और जागरूकता अभियानों को निरंतर चलाने का संकल्प दोहराया, ताकि समय रहते जांच से अनेक महिलाओं का जीवन सुरक्षित किया जा सके।
तेरापंथ महिला मंडल ने रचा इतिहास

