फरवरी में 28 दिन आयोजित होंगे चिकित्सा एवं स्वास्थ्य से जुड़े 28 कार्यक्रम
मुंबई । श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथ महिला मंडल, मुंबई आगामी फ़रवरी माह के 28 दिन लगातार मुंबई के विभिन्न क्षेत्रों में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य से जुड़े 28 कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। इसी के अंतर्गत 14 फ़रवरी को गोल्डन बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए मेगा डेंटल चेकअप ड्राइव का भी आयोजन होगा। मुंबईवासियों को वृहद् स्तर पर विभिन्न बिमारियों के सन्दर्भ में चिकित्सा परामर्श प्रदान करने के साथ साथ स्वास्थ्य जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित इस महाअभियान “Mega Month of Wellness – 28 Days, 28 Events” के लोगो एवं कलेंडर का विमोचन आज महाराष्ट्र सरकार की महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती विद्या ठाकुर ने अपने कर कमलों से किया। इस अवसर पर तेरापंथ महिला मंडल, मुंबई की अध्यक्ष श्रीमती जयश्री बड़ाला, मंत्री श्रीमती श्वेता सुराणा, गोरेगाँव संयोजिका श्रीमती सरोज चंडालिया, मलाड सहसंयोजिका श्रीमती लीला परमार, श्रीमती प्रीति धाकड़ एवं श्री राकेश धाकड़ विमोचन कार्यक्रम में सहभागी बने। विमोचन कार्यक्रम के बाद राज्य मंत्री श्रीमती विद्या ठाकुर ने तेरापंथ महिला मंडल मुंबई के मानव सेवा को समर्पित इस महाभियान की प्रशंसा करते हुए आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएँ व्यक्त की एवं विभाग की ओर से सदैव हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
इस अवसर पर तेरापंथ महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती जयश्री बड़ाला ने आगामी 1 फ़रवरी से 28 फ़रवरी तक लगातार आयोजित होने वाले 28 कार्यक्रमों एवं आयोजन क्षेत्रों की विस्तृत जानकारी कलेंडर के माध्यम से प्रदान करते हुए कहा कि अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशन में तेरापंथ महिला मंडल मुंबई द्वारा मानव सेवा के उद्देश्य से आयोजित होने जा रहे इस महाअभियान के तहत अनेक चिकित्सा जांच एवं परामर्श केम्प, स्वास्थ्य जागरूकता वर्कशॉप एवं सेमीनार मुंबई के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित किये जाएंगे। साथ ही साथ 14 फ़रवरी को गोल्डन बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए मेगा डेंटल चेकअप ड्राइव का भी आयोजन होगा जिसके अंतर्गत मुंबई के विभिन्न क्षेत्रों में एक समय और एक साथ वृहद् स्तर पर डेंटल चेकअप केम्प के आयोजन किये जाएंगे।

