नई दिल्ली:रेसलर सुशील कुमार ने साफ कर दिया कि वे अभी संन्यास नहीं लेने वाले हैं। उन्होंने न्यूज एजेंसी को दिए इंटव्यू में कहा कि लोगों को मेरे खेल के खत्म होने के बारे में लिखने की आदत है। लेकिन इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। सुशील ने कहा कि मैं अभी कहीं नहीं जा रहा हूं। 1 साल ओलिंपिक टलने का मतलब मुझे चौथी बार इन खेलों के लिए क्वालिफाई करने का अच्छा मौका मिला है। अधिक समय का मतलब बेहतर तैयारी होता है।
सुशील ने कहा- कुश्ती ऐसा खेल है कि अगर आप चोट से बचे रहते हैं, और लक्ष्य तय कर तैयारी करते हैं तो उसे हासिल कर सकते हैं। मैं अभी रोज दो बार प्रैक्टिस करता हूं। मैं मैट पर नहीं उतर रहा हूं, लेकिन खुद को फिट रखने की पूरी कोशिश कर रहा हूं। भगवान ने चाहा तो ओलिंपिक के लिए जरूर क्वालिफाई करूंगा। इस पहलवान ने आगे कहा कि 2011 में भी लोग मेरे बारे में यही बात कर रहे थे। मुझे पता कि इसे कैसे संभालना है। यह मेरा रोज का काम है। 9 साल पहले भी आलोचक यह आशंका जता रहे थे कि सुशील बीजिंग के प्रदर्शन को नहीं दोहरा पाएंगे। हालांकि, उन्होंने 2012 के लंदन ओलिंपिक में सिल्वर जीतकर सबकी बोलती बंद कर दी थी।

