- इश्क, धोखा और फिर खूनखराबा… गर्भवती प्रेमिका ने शादी के लिए दबाव डाला तो प्रेमी ने पहले शराब पिलाई, फिर अपने दो वर्षीय बेटे के सामने चाकू से गला रेतकर शव झाड़ियों में फेंका; 24 घंटे में पुलिस ने आला-ए-कत्ल सहित आरोपी को दबोचा
नीरज राज/बस्ती(यूपी)।:- प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंत। सिद्धार्थनगर की रहने वाली एक गर्भवती युवती की निर्मम हत्या उसके अपने प्रेमी ने ही कर दी। आरोप है कि युवती शादी का दबाव बना रही थी और मुकदमा करने की धमकी दे रही थी, जिससे तंग आकर प्रेमी ने पहले उसे बहला-फुसलाकर बस्ती के रुधौली क्षेत्र में ले गया, शराब पिलाई और फिर अपने दो साल के मासूम बेटे के सामने चाकू से गला रेत दिया।
मृतका का शव गुरुवार को रुधौली कस्बे के पास एक सुनसान झाड़ी में मिला था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर मामले का खुलासा कर दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलीप कुमार अग्रहरि (निवासी टेकघर नगर, कोतवाली बांसी, सिद्धार्थनगर) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने पूरा जुर्म कबूल कर लिया। हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि दोनों के बीच काफी समय से अवैध संबंध थे। इसी दौरान युवती गर्भवती हो गई। गर्भ ठहरने के बाद उसने दिलीप पर शादी करने और बच्चे को अपनाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया था। वह ब्लैकमेल भी कर रही थी। दिलीप शादी के लिए तैयार नहीं था। आए दिन विवाद बढ़ता गया। आखिरकार दिलीप ने उसे हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की ठान ली।
घटना वाले दिन उसने युवती को अपने साथ ले जाने के बहाने बुलाया। सिद्धार्थनगर से बाइक पर उसे रुधौली क्षेत्र में ले गया। रास्ते में शराब खरीदी, दोनों ने पी। इसके बाद सुनसान जगह पर ले जाकर अपने दो वर्षीय बेटे के सामने चाकू से लगातार वार कर गला रेत दिया। शव वहीं झाड़ियों में फेंककर फरार हो गया।
शव मिलने पर रुधौली थाना प्रभारी संजय दुबे ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। सर्विलांस, सीडीआर और मुखबिरों की मदद से शक की सुई प्रेमी दिलीप पर जा टिकी। रुधौली पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने उसे दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया और पूरी वारदात कबूल कर ली।
आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। केस की त्वरित विवेचना करने पर एसपी ने जांच टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
इस दिल दहला देने वाली घटना ने एक बार फिर अवैध संबंधों के खतरनाक अंजाम को उजागर कर दिया है। कोख में पल रही एक नन्ही जान और उसकी मां, दोनों एक सनकी प्रेमी की हैवानियत की शिकार हो गईं।
