मुंबई:तीन दिन की लंबी छुट्टी के बाद आज सप्ताह में कारोबार के पहले दिन बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ। सुबह से बाजार में गिरावट रही, जो कारोबार खत्म होने तक बढ़त में नहीं आ सकी। बाजार बंद होने पर सेंसेक्स ने 469.60 अंक या 1.51% नीचे 30,690.02 पर और निफ्टी 118.05 पॉइंट या 1.3% नीचे 8,993.85 का करोबार किया। इससे पहले गुरुवार, 9 अप्रैल को बाजार में 1200 अंकों की बढ़त देखने को मिली थी। बाजार बंद होने पर सेंसेक्स ने 1265.66 अंक ऊपर 31,159.62 का और निफ्टी ने 363.15 पॉइंट ऊपर 9,111.90 का करोबार किया था। बता दें कि मंगलवार, 14 अप्रैल को बाबा साहब अंबेडकर जयंती के चलते बाजार बंद रहेगा।
बाजार में गिरावट के मुख्य कारण
- कोरोनावायरस के कारण मांग में कमी से कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी गिरावट से उबरने के लिए तेल उत्पादक देशों में कटौती पर सहमति बन गई है। मैक्सिको के ऊर्जा मंत्री रोकियो नैहरे के अनुसार तेल उत्पादक देशों ओपेक, रूस और अन्य देशों के बीच रोजाना 9.7 मिलिनय बैरल की कटौती पर सहमति बन गई है। हालांकि, यह पहले जताए गए अनुमान 10 मिलियन बैरल से कम है। कटौती पर सहमति बनने के बाद सोमवार को शुरुआती कारोबार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल देखा गया। अमेरिकी बेंचमार्क डब्ल्यूटीआई में 7.7 फीसदी का उछाल देख गया और यह 24.52 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। वहीं ब्रेंट क्रूड 5 फीसदी के उछाल के साथ 33.08 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्वीट कर तेल कटौती पर बनी सहमति का स्वागत किया है।
- प्रमुख स्टॉक एक्सचेंज एनएसई ने सोमवार को कहा कि उसने उपन्यास कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ लड़ाई में पीएम-केयर्स फंड और राज्य सरकार के कुछ फंडों के लिए 26 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि एनएसई समूह के कर्मचारी भी इस उद्देश्य के लिए PM-CARES फंड की ओर एक दिन के वेतन का अलग से योगदान दे रहे हैं।
बीएसई पर करीब 45 फीसदी कंपनियों के शेयरों में गिरावट रही
- बीएसई का मार्केट कैप 119 लाख करोड़ रुपए रहा
- 2,601 कंपनियों के शेयरों में ट्रेडिंग हुई। इसमें 1,205 कंपनियों के शेयर बढ़त में और 1,184 कंपनियों के शेयर में गिरावट रही
- 31 कंपनियों के शेयर 1 साल के उच्च स्तर और 126 कंपनियों के शेयर एक साल के निम्न स्तर पर रहे
- 391 कंपनियों के शेयर में अपर सर्किट और 238 कंपनियों के शेयर में लोअर सर्किट लगा
बीएसई ऑटो सेक्टर में 4% से ज्यादा की गिरावट आई
| कंपनी | गिरावट (%) |
| अपोलो टायर्स | 4.07% |
| टाटा मोटर्स | 0.13% |
| एमआरएफ टायर | 4.74% |
| बॉश लिमिटेड | 1.56% |
| आयशर मोटर्स | 2.19% |
| अमरा राजा बैटरी | 4.07% |
| एक्साइड इंडिया | 4.05% |
| बजाज ऑटो | 1.53% |
| हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड | 3.57% |
| बालकृष्ण इंडस्ट्रीज | 2.25% |
| मदरसन सुमी सिस्टम | 4.55% |
| टीवीएस मोटर्स | 5.12% |
| मारुति | 1.02% |
| महिंद्रा एंड महिंद्रा | 4.84% |
ऑलटाइम हाई रिकॉर्ड पर सोना
सोमवार को वायदा बाजार में अब तक के कारोबार में सोने की कीमतों लगातार चढ़ रही हैं और इसने एक बार फिर 45909 रुपए प्रति दस ग्राम का नया ऑलटाइम हाई रिकॉर्ड बना लिया है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में जून के भाव में सोमवार को शुरुआती कारोबार में सोने की कीमतों में 1 फीसदी से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई और यह उछलकर 45,800 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया।
दुनिया के ज्यादातर बाजार बढ़त के साथ बंद
अमेरिकी बाजार के साथ दुनियाभर के कई बाजार गुरुवार को बढ़त के साथ बंद हुए। डाउ जोंस 1.22 फीसदी की बढ़त के साथ 285.80 अंक ऊपर 23,719.40 पर बंद हुआ। वहीं, अमेरिका के दूसरे बाजार नैस्डैक 62.68 अंक ऊपर 8,153.58 पर बंद हुआ। दूसरी तरफ, एसएंडपी 1.45 फीसदी बढ़त के साथ 39.84 पॉइंट ऊपर 2,789.82 पर बंद हुआ। हालांकि, चीन का शंघाई कम्पोजिट 0.24 फीसदी गिरावट के साथ 6.83पॉइंट नीचे 2,789.80 पर बंद हुआ।
31 करोड़ लोगों को 28 हजार करोड़ रुपए बांटे
कोरोनावायरस के कारण देश में 14 अप्रैल तक 21 दिनों का लॉकडाउन चल रहा है। इस कारण देश में अधिकांश कारोबारी गतिविधियां ठप पड़ी हैं। इससे गरीबों और मजदूरों के सामने रोजी-रोटी का संकट पैदा हो गया है। इस संकट को दूर करने के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 26 मार्च को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत 1.70 लाख करोड़ रुपए के राहत पैकेज की घोषणा की थी। इस राहत पैकेज में से अब तक 31 करोड़ से ज्यादा लोगों को 28 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि का वितरण किया जा चुका है। यह जानकारी वित्त मंत्रालय ने दी है।
कोरोनावायरस से देश में मौतें
देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 9 हजार को पार कर गई है। नगालैंड में पहला कोरोना संक्रमित मिलने के साथ ही देश के 26 राज्यों और 7 केंद्र शासित प्रदेश संक्रमण की जद में आ गए हैं। रविवार को देश में कुल 753 नए मामले मिले। इनमें से महाराष्ट्र में 221, तमिलनाडु में 106, राजस्थान में 104 और मध्यप्रदेश में 33 मामले सामने आए। वहीं, दिल्ली में 85, गुजरात में 48 और उत्तर प्रदेश में 31 नए मरीज मिले। ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट और राज्य सरकारों के आंकड़ों के अनुसार हैं।
कोरोनावायरस से दुनियाभर में मौतें
दुनियाभर में कोरोनावायरस से 18 लाख 52 हजार 652 लोग संक्रमित हैं। एक लाख 14 हजार 208 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें चार लाख 23 हजार 400 ठीक हुए हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित अमेरिका और यहां के न्यूयॉर्क स्टेट में एक दिन में होने वाली मौतों में कमी आई है। यहां 24 घंटे में 1,528 की जान गई है। इनमें न्यूयॉर्क में केवल 758 की मौत हुई। एक दिन पहले देश में 1,920 और राज्य में 783 लोगों ने दम तोड़ा था।

