नई दिल्ली:खाने-पीने का सामान कुछ सस्ता होने से खुदरा मुद्रास्फीति मार्च महीने में इससे पिछले माह के मुकाबले कम होकर 5.91 प्रतिशत पर आ गई। यह चार महीने में सबसे कम महंगाई दर है।
सोमवार को जारी सरकारी आंकड़े के अनुसार उपभोक्ता मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति फरवरी 2020 में 6.58 प्रतिशत और पिछले साल मार्च में 2.86 प्रतिशत थी। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) के आंकड़े के अनुसार खाद्य वस्तुओं की महंगाई दर इस साल मार्च में 8.76 प्रतिशत रही जो इससे पिछले महीने 10.81 प्रतिशत थी।
रिजर्व बैंक मौद्रिक नीति समीक्षा पर विचार करते समय खुदरा महंगाई दर पर मुख्य रूप से गौर करता है। सरकार ने केंद्रीय बैंक को मुद्रास्फीति अधिकतम दो प्रतिशत घट-बढ़ के साथ 4 प्रतिशत के दायरे में रखने का लक्ष्य दिया है।

