श्रीरामपुरम (एल.एन. पुरम्), बैंगलोर। दक्षिण भारत में धर्म प्रभावक विचरण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सर्व सिद्धिदायक श्री शांतिनाथ दादा जिनालय एवं श्री लब्धि–विक्रम–स्थूलभद्रसूरीश्वरजी गुरु मंदिर स्थापना रजत जयंती उत्सव का मुख्य पंचम दिवस धर्म, भक्ति, श्रद्धा और उल्लास के अद्भुत संगम के साथ अत्यंत भव्य रूप से संपन्न हुआ। मुख्य दिवस के शुभ अवसर पर प्रातःकाल वेला से ही श्रद्धालुओं का जिनालय की ओर आवागमन प्रारंभ हो गया। वर्षों से संजोया गया सपना आज साकार होता प्रतीत हुआ।
देवलोक समान सुसज्जित जिनालय, दीपमालाओं की कतारें, रंग-बिरंगी रंगोलियाँ एवं दूधिया रोशनी से नहाया पूरा परिसर दिव्यता से आलोकित हो उठा। प्रातःकाल जिनालय में 18 अभिषेक एवं सत्तरभेदी पूजा सह केशरीया महाभिषेक का आयोजन अत्यंत श्रद्धा एवं विधिपूर्वक किया गया। इस पावन अनुष्ठान में बड़ी संख्या में लाभार्थी परिवारों द्वारा विधि-विधान के साथ पूजन-अभिषेक हुआ। मुख्य गम्भारे सहित जिनालय की प्रत्येक प्रतिमा का भक्तिभाव से अभिषेक किया गया। अभिषेक के दौरान पूरा वातावरण भक्ति-रस से सराबोर रहा और हर श्रद्धालु परमात्मा के रंग में रंगा हुआ नज़र आया। इसी क्रम में जन्मकल्याणक महोत्सव एवं 108 अभिषेक का आयोजन भी भक्ति भाव के साथ किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और पुण्य संचय किया। महाभिषेक आयोजन के दौरान पूज्य गुरु भगवंतों ने प्रभु दर्शन किए तथा मंगल मंत्रोच्चार के साथ ध्वजा का महत्व बताते हुए कहा कि सकल संघ द्वारा ध्वजा की स्पर्शना का विशेष महत्व है। तत्पश्चात विधिविधान पूर्वक ध्वजा चढ़ाई गई। इस अवसर पर श्रद्धालुओं का आवागमन शांतिनाथ दादा के प्रति उनकी अटूट श्रद्धा, आस्था और भक्ति को स्पष्ट रूप से दर्शा रहा था। पूज्य गुरु भगवंतों द्वारा सभी को विशेष प्रेरणा प्रदान की गई।
महाभिषेक के लाभार्थी परिवार श्री शांतिलालजी खिंवेसरा (मरुधर में वोपारी) द्वारा शांतिनाथ दादा का महा-अभिषेक विविध औषधियों एवं केसर द्वारा भक्तिभाव से किया गया। मुख्य दिवस पर लाभार्थी परिवार अपने-अपने निवास स्थान से बैंड-बाजे के साथ श्री ध्वजा जी को सिर पर धारण कर कार्यक्रम स्थल पहुँचे। श्रद्धालुओं द्वारा ध्वजा की स्पर्शना कर स्वयं को धन्य अनुभव किया गया। यह दृश्य अत्यंत अद्भुत, अलौकिक एवं अप्रतिम रहा। गुरु भगवंतों के सम्मुख मंगल मंत्रोच्चार के साथ ध्वजा लाभार्थी परिवार विधि-विधान में सहभागी बने। इस अवसर पर इण्डा, कलश आदि का अभिषेक, सिक्का पूर्ति, धूप एवं आरती संपन्न की गई। चतुर्विध धर्मसंघ के साक्षी में लाभार्थी परिवार महावीरचन्दजी पुष्पादेवी खाबिया, बेंगलोर कुंवाथल द्वारा ध्वजा चढ़ाई गई। पूज्य गुरु भगवंतों की महती कृपा से रजत जयंती उत्सव के पंचम दिवस प्रातःकाल नाश्ता लाभार्थी परिवार श्रीमती पुष्पाबाई–शांतिलालजी पटवा (मरुधर में बुसी) के गृह-आँगन में पगलिया किए गए। तत्पश्चात नाश्ता लाभार्थी परिवार अपने निवास स्थान से बैंड-बाजे की गूंज के बीच नाचते-झूमते श्रद्धालुओं के साथ कार्यक्रम स्थल पहुँचा। श्री संघ द्वारा तिलक, माला, साफा, श्रीफल, चुंदड़ी एवं मोमेंटो से बहुमान किया गया। इसी क्रम में पंचम दिवस के शाही करबा लाभार्थी परिवार संघवी श्री प्रकाशचन्दजी सुरजबाई आच्छा (मरुधर में बिलावास) अपने निवास स्थान से बैंड-बाजे के साथ कार्यक्रम स्थल पहुँचे। श्री संघ द्वारा उनका भी पारंपरिक बहुमान किया गया।
पंचम दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले महाप्रभाविक अर्हद् महापूजन (तृतीय दिवस) के निमित्त पूज्य गुरु भगवंतों का हस्तीनापुरी नगरी में मंगल, भव्य एवं भावपूर्ण प्रवेश हुआ। गुरु भगवंतों के आगमन पर श्रावक–श्राविकाओं ने श्रद्धा एवं भक्ति भाव से स्वागत किया। गुरुदेव ने परमात्मा के सम्मुख वासक्षेप द्वारा शुद्धि कराई। मुख्य दिवस के दौरान परमात्मा के नयनरम्य दर्शन, पूजन एवं विधि-विधान की सुंदर तैयारियाँ, इन्द्र–इन्द्राणी सहित चौसठ इन्द्रों की भव्य भक्ति एवं उत्सव का वातावरण दर्शनीय रहा। “शुभम् भव, मंगल भव, कल्याणम् भव” की सुमधुर स्वर लहरियों से संपूर्ण आभामंडल मंगलमय हो उठा। झूमते-नाचते इन्द्र–इन्द्राणी प्रभु दरबार में पधारे। पंचम दिवस पर फले चुंदड़ी (बड़ी नवकारसी) के लाभार्थी परिवार संघवी शा. माणकचंदजी–शांतिबाई आच्छा (बिलावास–बेंगलोर) अपने निवास स्थान से बैंड-बाजे के साथ कार्यक्रम स्थल पहुँचे। समस्त परिवार को पूज्य गुरु भगवंतों द्वारा मंगल आशीर्वाद प्रदान किया गया तथा श्री संघ द्वारा तिलक, माला, साफा, श्रीफल, चुंदड़ी एवं मोमेंटो से बहुमान किया गया।
आगामी महावीर जन्म कल्याणक के पावन अवसर पर जैन युवा संगठन के अध्यक्ष श्री मुकेशजी सुराणा एवं उनकी टीम द्वारा प.पू. आ.भ. श्री चन्द्रयशसूरीश्वरजी महाराजा आदि ठाणा से महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव में पधारने हेतु विनम्र निवेदन किया गया। सुप्रसिद्ध संगीत सम्राट श्री नरेन्द्र वाणीगोता द्वारा प्रस्तुत संगीतमय रमझट ने वातावरण को भक्तिमय एवं उल्लासपूर्ण बना दिया। श्रद्धालुजन भाव-विभोर होकर भक्ति रस में सराबोर होते नज़र आए। मुख्य पंचम दिवस के अवसर पर पूज्य गुरु भगवंतों एवं मुनिवृंदों को कांबली गुरुभक्त लाभार्थी परिवार द्वारा कांबली ओढ़ाई गई। इन समस्त आयोजनों के साथ रजत जयंती उत्सव का मुख्य पंचम दिवस धर्म प्रभावना, श्रद्धा, समर्पण एवं सामाजिक एकता का अनुपम उदाहरण बनकर अत्यंत स्मरणीय रूप से संपन्न हुआ।
रजत जयंती उत्सव का मुख्य पंचम (मुख्य) दिवस धर्म, भक्ति और उल्लास के अनुपम संगम के साथ संपन्न

