मुंबई। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का जन्मदिन कांग्रेस पार्टी द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मनाया गया। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय तिलक भवन में प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के हाथों राहुल गांधी के प्रति जनमानस के स्नेह और विश्वास पर आधारित ‘शिदोरी’ मासिक के विशेषांक का विमोचन किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश शेट्टी, महासचिव अभिजीत सपकाल, गुरबिंदर सिंह बच्छेर, प्रदेश महासचिव एवं ‘शिदोरी’ के प्रबंध संपादक अनंत मोहोड, कार्यकारी संपादक सुनील खांडगे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। राहुल गांधी का जन्मदिन मुंबई युवा कांग्रेस ने भी उत्साहपूर्वक मनाया। मुंबई युवा कांग्रेस की अध्यक्ष ज़ीनत शबरीन के नेतृत्व में तथा मुंबई उत्तर मध्य जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष निखिल रुपारेल की पहल पर “गिग वर्कर्स सम्मान” अभियान के अंतर्गत ऐप-आधारित दोपहिया डिलीवरी सेवाएं प्रदान करने वाले गिग वर्कर्स को निःशुल्क पेट्रोल वितरित किया गया।
मुंबई युवा कांग्रेस अध्यक्ष ज़ीनत शबरीन ने कोलाबा विधानसभा क्षेत्र स्थित ‘मुंबई पब्लिक स्कूल’ के विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया। शिक्षा को प्रोत्साहन देने, युवा पीढ़ी को सशक्त बनाने तथा समाजसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित करते हुए यह दिन मनाया गया। इस अवसर पर मुंबई युवा कांग्रेस के संगठन महासचिव तेजस चंदूरकर तथा युवा कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
“राहुल गांधी देश का भविष्य हैं। देश की जनता उनसे बड़ी उम्मीदें लगाए हुए है। पिछले 12 वर्षों में भाजपा सरकार ने जनता को निराश किया है और समाज का कोई भी वर्ग सरकार के कार्यों से संतुष्ट नहीं है। महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की आत्महत्याएं बढ़ी हैं तथा भ्रष्टाचार हर स्तर पर फैल चुका है। गरीब और अधिक गरीब होता जा रहा है जबकि अमीर और अधिक अमीर बनता जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को अमेरिका के प्रभाव में बांध दिया है। लोकतंत्र और संविधान को कुचलते हुए देश में तानाशाही शैली से शासन चलाया जा रहा है। जनता भाजपा सरकार से परेशान हो चुकी है और ऐसे समय में राहुल गांधी का नेतृत्व ही देश को नई दिशा दे सकता है। आज राहुल गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें प्रधानमंत्री पद तक पहुंचाना ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं का संकल्प है,” ऐसा प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा।

