इस्लामाबाद: पाकिस्तान सरकार ने जमात-उद-दावा, फलाह-ए-इंसानियत फाउंडेशन और जैश-ए-मोहम्मद से संबंध रखने वाले 11 संगठनों पर प्रतिबंध लगा दिया है। प्रधानमंत्री इमरान खान और गृह मंत्री एजाज शाह की शुक्रवार को हुई बैठक के बाद यह आदेश जारी किया गया है। उल्लेखनीय है कि जमात-उद-दावा और फलाह-ए-इंसानियत, लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक और मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद से जु़डे संगठन हैं। जैश-ए-मोहम्मद आतंकी सरगना मसूद अजहर का संगठन है। दोनों आतंकी सरगनाओं को वैश्विक आतंकी घोषित किया जा चुका है।
जम्मू–कश्मीर के पुलवामा में 14 फरवरी को सीआरपीएफ काफिले पर हुए आतंकी हमले के बाद इमरान ने कहा था कि वह किसी भी आतंकी संगठन को पाकिस्तानी जमीन इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं देंगे। पाकिस्तानी जमीन से किसी भी देश के खिलाफ आतंकी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पाकिस्तान की नेशनल काउंटर टेररिज्म अथॉरिटी [एनएसीटीए] ने अपनी वेबसाइट पर सात उन संगठनों पर प्रतिबंध की घोषणा की है, जिनका संबंध जमात-उद-दावा से है। जमात और फलाह-ए-इंसानियत पर पाकिस्तान सरकार ने इसी साल मार्च में गैरकानूनी करार दिया है।
जिन संगठनों पर प्रतिबंध लगाया गया है उनके नाम अल-अनफल ट्रस्ट, इदारा खिदमत-ए-खलाक, अल–दावत उल इरशाद, मॉस्क एंड वेलफेयर ट्रस्ट, अल-मदीना फाउंडेशन, मज्ज-बिन-जबेल एजुकेशन ट्रस्ट और अल-हामद ट्रस्ट हैं। ये सभी संगठन लाहौर से चलाए जाते हैं।
इनके अतिरिक्त अल-फजल फाउंडेशन और अल-ईसार फाउंडेशन भी गैरकानूनी घोषित किए गए हैं। बहावलपुर के अल-रहमत ट्रस्ट और कराची के अल-फुरकान ट्रस्ट पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। इन दोनों के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से रिश्ते हैं।
गृह मंत्रालय ने कहा है कि पाकिस्तान की धरती से आतंकवाद और कट्टरता को खत्म करने के लिए सरकार के निर्देशों को पूरी सख्ती और तत्परता से अमल में लाया जाएगा। हाल में जारी सरकारी आदेश में देश भर में चल रहे 30 हजार धार्मिक संगठनों का नियंत्रण भी सरकार ने अपने हाथ में ले लिया है।

