हैदराबाद और मुंबई में फिल्म नागबंधम के ट्रेलर लॉन्च के बाद बनी जबरदस्त चर्चा के बीच अब मेकर्स फिल्म का नया और दमदार ट्रैक ‘वीरा नागा’ 26 जून को रिलीज करने जा रहे हैं। फिल्म के निर्माताओं ने हाल ही में इस गाने का एक बेहद आकर्षक और दमदार पोस्टर जारी किया है, जिसने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है। पोस्टर में नागा साधुओं के कई शक्तिशाली और अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं, जो साहस, आध्यात्मिकता और योद्धा जैसी ऊर्जा को दर्शाते हैं। इसकी भव्य और रहस्यमयी झलक फिल्म की उस दुनिया की तरफ इशारा करती है, जिसे नागबंधम बड़े पर्दे पर लेकर आने वाली है।
मेकर्स ने इस अनाउंसमेंट को खास अंदाज में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करते हुए लिखा: “हर हर महादेव”! “नागबंधम के ‘वीरा नागा’ गीत के साथ नागा साधुओं के शौर्य और पराक्रम को महसूस करने के लिए तैयार हो जाइए।”
फिल्म के निर्माता निशिता नागिरेड्डी और किशोर अन्नापुरेड्डी ने संयुक्त बयान में कहा, “फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली है, जिसने हमारा उत्साह और बढ़ा दिया है। ‘वीरा नागा’ सिर्फ एक गीत नहीं है, बल्कि यह एक भावना, ऊर्जा और आत्मा को अपने साथ लेकर आता है, जो नागबंधम की दुनिया से गहराई से जुड़ा हुआ है। हमें विश्वास है कि दर्शक इस गीत की शक्ति और इसकी तीव्रता को महसूस करेंगे।”
वहीं फिल्म के निर्देशक अभिषेक नामा ने कहा, “‘वीरा नागा’ साहस, आस्था और योद्धा भावना का प्रतीक है। इस गीत को तैयार करते समय हमारी कोशिश थी कि दर्शक नागा दुनिया की भव्यता और उसकी तीव्रता को महसूस कर सकें। इसके विजुअल्स, संगीत और स्केल मिलकर एक ऐसा अनुभव तैयार करते हैं जो फिल्म की कहानी को और मजबूत बनाता है।”
मिस्ट्री, पौराणिक कथाओं, एडवेंचर और शानदार विजुअल अनुभव से भरपूर नागबंधम पहले से ही इस साल की सबसे चर्चित पैन इंडिया फिल्मों में अपनी जगह बना चुकी है।
विराट कर्ण, नभा नटेश, दक्षा नागरकर, ऋषभ साहनी और महेश मांजरेकर अभिनीत इस फिल्म का निर्माण किशोर अन्नापुरेड्डी और निशिता नागिरेड्डी ने निक स्टूडियो और अभिषेक पिक्चर्स के बैनर तले किया है। फिल्म को ज़ी स्टूडियो प्रस्तुत कर रहा है और यह 3 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
पैन इंडिया फिल्म ‘नागबंधम’ का नया गीत ‘वीरा नागा’ 26 जून को होगा रिलीज, मेकर्स ने जारी किया दमदार पोस्टर

