आखिरकार भारतीय सिनेमाई पर्दे पर इतिहास रचने जा रही फिल्म ‘महाकाली’ के दर्शकों का इंतज़ार खत्म हुआ, क्योंकि मेकर्स ने फिल्म रिलीज़ डेट की घोषणा के साथ ही इसकी पहली झलक भी जारी कर दी है। फ़िल्म की पहली झलक में शानदार सिनेमाई पर्दे पर न सिर्फ महाकाली का रौद्र रूप नज़र आ रहा है, बल्कि शुक्राचार्य बने अक्षय खन्ना का खौफनाक अवतार भी चर्चा का विषय बन गया है। अपनी पिछली फिल्म में रहमान डकैत से सबके दिलों में खौफ पैदा करनेवाले अक्षय खन्ना ने ‘महाकाली’ के ज़रिए अपने दर्शकों को यह बता दिया है कि इस फ़िल्म में भी उनके लिए काफी कुछ होगा। गौरतलब है कि फिल्म ‘महाकाली’ अगले साल 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
‘महाकाली’ की पहली झलक में धर्म और अधर्म के बीच होने वाले एक ऐसे महायुद्ध की ओर इशारा किया गया है, जो सिर्फ अच्छाई और बुराई की लड़ाई तक सीमित नहीं है। असुरों के शक्तिशाली गुरु शुक्राचार्य के नेतृत्व में शुरू होने वाला यह संघर्ष एक ऐसे बड़े महायुद्ध की झलक देता है, जो पूरी दुनिया के भविष्य का फैसला करती है। दमदार दृश्यों के साथ युद्ध की भयावह आहट और रहस्यमयी माहौल के बीच ‘द एंड बिगिन्स’ का संकेत इस महायुद्ध की गंभीरता को और बढ़ाता है।
इस झलक का सबसे बड़ा आकर्षण अक्षय खन्ना हैं, जो शुक्राचार्य के किरदार में बेहद खौफनाक और दमदार नजर आ रहे हैं। उनकी तीखी नजर, प्रभावशाली व्यक्तित्व और किरदार में दिखाई देने वाली गहराई दर्शकों का ध्यान खींचती है। उनके फर्स्ट लुक से पैदा हुई उत्सुकता के बाद अब पहली झलक में उनके किरदार की वास्तविक झलक देखने को मिल रही है, जिसने फिल्म को लेकर रोमांच और बढ़ा दिया है।
झलक में ‘महाकाली’ की भव्य और विस्तृत दुनिया की भी पहली झलक देखने को मिलती है। शानदार विजुअल्स, विस्तृत वर्ल्ड-बिल्डिंग और प्रभावशाली विजुअल इफेक्ट्स फिल्म के बड़े पैमाने और महत्वाकांक्षी सिनेमाई अनुभव की ओर इशारा करते हैं। इसी के साथ श्रिया रेड्डी की दमदार मौजूदगी भी कहानी में एक नया रहस्य और रोमांच जोड़ती है। फिल्म के विजुअल्स और दुनिया की बारीकी से तैयार की गई झलक इस बात का संकेत देती है कि मेकर्स दर्शकों के लिए एक बड़े स्तर का सिनेमाई अनुभव लेकर आ रहे हैं।
इस विषय में फिल्म के निर्माता रिवाज दुग्गल का कहना है, “’महाकाली’ की कहानी एक ऐसी दुनिया से आती है, जिसकी जड़ें हमारी भारतीय इतिहास में गहराई से जुड़ी हैं। हमारा हमेशा से प्रयास रहा है कि इसे आज के दर्शकों के लिए उस स्तर के भव्य और सिनेमाई अंदाज में पेश किया जाए, जिसके वे हकदार हैं। इस झलक के जरिए हम दर्शकों को उस दुनिया की पहली झलक दे रहे हैं, जिसकी हमने कल्पना की है। अक्षय खन्ना द्वारा शुक्राचार्य का किरदार निभाना कहानी में जबरदस्त गहराई लेकर आता है। हम दर्शकों को उस बड़े महायुद्ध का अनुभव कराने के लिए बेहद उत्साहित हैं, जिसकी शुरुआत ‘महाकाली’ से होती है। हालांकि यह सिर्फ एक शुरुआत है, एक बहुत बड़ी सिनेमाई यात्रा अभी बाकी है और हम दर्शकों के साथ इसे बड़े पर्दे पर साझा करने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।”
गौरतलब है कि ‘हनुमान’ ने प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स की नींव रखते हुए भारतीय इतिहासा को भव्य और विजुअली शानदार अंदाज में बड़े पर्दे पर पेश करने की उनकी क्षमता को साबित किया था। अब ‘महाकाली’ इसी विजन को और बड़े पैमाने पर आगे बढ़ाती नजर आ रही है। करीब दो मिनट की यह झलक प्रशांत वर्मा के विस्तृत सिनेमाई विजन की पहली झलक देती है और एक ऐसे यूनिवर्स की ओर संकेत करती है, जो आने वाले समय में कहानी, स्केल और विजुअल स्पेक्टेकल के स्तर पर और विस्तार ले सकता है।
आरके दुग्गल द्वारा प्रस्तुत और आरकेडी स्टूडियोज के बैनर तले रिवाज रमेश दुग्गल द्वारा निर्मित ‘महाकाली’ का निर्देशन पूजा अपर्णा कोल्लूरु ने किया है। यह फिल्म प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स की अगली कड़ी है। फिल्म में अक्षय खन्ना के साथ भूमि शेट्टी, श्रिया रेड्डी, रोहित सराफ और कई अन्य प्रमुख कलाकार नजर आएंगे। ‘महाकाली’ 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
https://x.com/PrasanthVarma/status/2091770164950004034

