गौर, बस्ती। सुपोषित मिशन बस्ती के तहत बाल विकास परियोजना गौर की टीम ने अति कुपोषित बच्चों के घर-घर पहुंचकर उनके स्वास्थ्य एवं पोषण की स्थिति का जायजा लिया। बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) बलराम सिंह के नेतृत्व में मुख्य सेविका गीता सिंह, अंकित वर्मा एवं कमलावती वर्मा ने क्षेत्र के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का भ्रमण किया।
टीम ने सबसे पहले सेट कोहार ग्राम पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का दौरा किया, जहां अति कुपोषित बच्चों मोहम्मद ताहिर एवं अंकित के परिजनों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य और पोषण संबंधी आवश्यकताओं पर चर्चा की। बच्चों के माता-पिता को मनोवैज्ञानिक रूप से प्रेरित करते हुए उन्हें शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौर में स्वास्थ्य परीक्षण के लिए बुलाया गया। इसके बाद टीम आंगनबाड़ी केंद्र गौर सेकेंड पहुंची, जहां कुपोषित बालक दिव्यम के परिजनों से संवाद कर उसके बेहतर पोषण एवं स्वास्थ्य देखभाल के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान बच्चे को आम और केले वितरित किए गए तथा पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराने के लिए प्रेरित किया गया। भ्रमण के दौरान टीम आंगनबाड़ी केंद्र चकचई प्रथम भी पहुंची, जहां अति कुपोषित बालिकाओं जानवी और शानवी के माता-पिता से मुलाकात कर बच्चों के आहार, स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सुझाव दिए गए। साथ ही मौसमी फलों का वितरण किया गया और सहजन की पत्तियों के पोषण संबंधी महत्व की जानकारी देकर उनके नियमित सेवन के लिए प्रेरित किया गया। सीडीपीओ बलराम सिंह ने बताया कि सुपोषित मिशन बस्ती अभियान लगातार जारी रहेगा और तब तक चलता रहेगा, जब तक प्रत्येक कुपोषित बच्चे तक पहुंचकर उसे बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण उपलब्ध कराने का प्रयास पूरा नहीं हो जाता।
कुपोषण के खिलाफ मैदान में उतरी टीम, बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष निगरानी

