गोविंदा लंबे समय से अपनी निजी जिंदगी को लेकर होने वाली चर्चाओं और अटकलों के केंद्र में बने हुए हैं। इनमें विशेष रूप से उनके आसपास नजर आने वाली महिलाओं को सोशल मीडिया पर ‘मिस्ट्री वुमन’ या ‘तथाकथित गर्लफ्रेंड’ जैसे नाम दिए जा रहे हैं। ऐसे में अब अभिनेत्री कुब्रा सैत ने सेलिब्रिटी गॉसिप को जजमेंट में बदलने की बढ़ती प्रवृत्ति पर तीखा सवाल उठाया है। यही नहीं उन्होंने सुनीता आहूजा और उन महिलाओं के समर्थन में भी बात की है, जो इस तरह की अटकलों का हिस्सा बना दी जाती हैं।
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक बेबाक वीडियो में कुब्रा ने सबसे पहले उस गोविंदा को याद किया, जिन्हें वह बचपन से देखती आई हैं। उन्होंने कहा, “मैं गोविंदा को देखते हुए बड़ी हुई हूं। हां यार, क्या सुपरस्टार थे, आइकन, लीजेंड। पूरा 90s इस आदमी के नाम था।” इसके बाद उन्होंने सवाल किया कि आज अभिनेता की निजी जिंदगी को लेकर होने वाली बातचीत आखिर इतनी बदल कैसे गई। लगातार हो रही अटकलों पर तंज कसते हुए आगे कुब्रा कहती हैं, “आज 2026 में अगर कोई लड़की उनके आसपास है, अगर वह उनके पास खड़ी है, अगर वह उनके आसपास सांस भी ले रही है, तो वह ‘मिस्ट्री वुमन’ है, ‘तथाकथित गर्लफ्रेंड’ है। आप मुझे बताइए, इस नतीजे पर कौन पहुंचा?”
इसके बाद कुब्रा ने सुनीता आहूजा का जिक्र किया, जिनसे वह व्यक्तिगत रूप से मिल चुकी हैं। उन्होंने सुनीता को “फनी, बेबाक, आउटरेजियस और शानदार” बताया। हालांकि कुब्रा को सबसे ज्यादा आपत्ति इस बात से है कि सुनीता और ऐसी अफवाहों से जोड़ी जाने वाली हर महिला से बार-बार उन अटकलों पर सफाई देने की उम्मीद की जाती है, जिन्हें उन्होंने खुद शुरू ही नहीं किया। कुब्रा कहती हैं, “आज जब भी बाजार में कोई अफेयर आता है, तो उन्हें मुड़कर इसका जवाब देना पड़ता है। उन्हें छोड़िए, उन पांच दूसरी महिलाओं को भी इसका जवाब देना पड़ता है।” इसके बाद कुब्रा ने वीडियो का सबसे अहम सवाल सामने रखते हुए कहा, “आखिर गॉसिप, गॉसिप न होकर जजमेंट कब बन गया?” हालांकि एक पब्लिक फिगर होने के नाते लोगों की नजरों में रहने की बात स्वीकार करते हुए कुब्रा ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी के काम को लेकर उत्सुकता और उसकी निजी जिंदगी में दखल देने के बीच एक सीमा होनी चाहिए।
उन्होंने कहा, “मैं एक पब्लिक फिगर हूं, मैं समझती हूं। मेरी जिंदगी बहुत मुश्किल है, लेकिन वह मेरा काम है। आप मेरी पर्सनल लाइफ को लेकर उसे पब्लिक स्पिटून क्यों बना रहे हैं? मतलब, आपसे किसने पूछा?”
अभिनेत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि महिलाओं का सम्मान सिर्फ तब नहीं होना चाहिए, जब उनके साथ कोई भयावह घटना हो। रोजमर्रा की जिंदगी में और उनके व्यक्तिगत फैसलों में भी महिलाओं के प्रति सम्मान जरूरी है। इसी के साथ कुब्रा ने उन लोगों को भी आड़े हाथों लिया है, जो बिना पुष्टि की गई अटकलों पर भद्दे कमेंट करते हैं या सिर्फ क्लिक और वायरल होने के लिए वीडियो बनाते हैं। साथ ही उन्होंने लोगों से भी खुद से सवाल करने की अपील की कि क्या उन्हें वास्तव में हर उस गॉसिप का हिस्सा बनना जरूरी है, जिसे वे देखते या सुनते हैं ?
हालांकि वीडियो के अंत में कुब्रा ने हल्के-फुल्के लेकिन स्पष्ट अंदाज में एक मशहूर लाइन का जिक्र किया है कि अगर आप कुछ अच्छा नहीं कह सकते, तो कुछ मत कहिए। बस फैन बनिए। फैन होने का मजा लीजिए। गौरतलब है कि कुब्रा सैत इससे पहले भी बेबाकी से अपनी राय रखने के लिए जानी जाती रही हैं। अपनी स्पष्टवादिता और बेझिझक अंदाज के लिए पहचानी जाने वाली अभिनेत्री ने फिल्मों से आगे बढ़कर महिलाओं की सुरक्षा, महिलाओं को रोजमर्रा में झेलने वाले जजमेंट, बॉडी इमेज, सोशल मीडिया के दबाव और समाज में सहानुभूति जैसे मुद्दों पर भी अपनी बात रखी है। सहज हो या असहज, कुब्रा अक्सर उन विषयों पर बोलती नजर आती हैं, जिन पर बातचीत जरूरी लगती है। उनका यह नया वीडियो भी उसी बेबाक अंदाज की झलक देता है, एक जरूरी सवाल उठाते हुए और यह याद दिलाते हुए कि किसी का फैन होना हमें उसकी निजी जिंदगी में दखल देने का अधिकार नहीं देता।
https://www.instagram.com/reel/Dd33tG6BjDm/?stkn=amcxb3BtMmhndjdv
कुब्रा सैत ने गोविंदा और सुनीता आहूजा को लेकर हो रही अटकलों पर उठाया तीखा सवाल – फैन कब से प्राइवेट इन्वेस्टिगेटर बन गए?

