नई दिल्ली:कश्मीर में अमरनाथ यात्रियों और पर्यटकों को जल्द से जल्द घाटी छोड़ने की एडवाइजरी जारी करने पर विपक्षी दलों के नेताओं ने इस एडवाइजरी पर सवाल खड़े किए हैँ। सरकार ने एडवाइजरी के पीछे सुरक्षा का तर्क दिया है। सरकार की ओर से कहा गया कि अमरनाथ यात्रा को लेकर इंटेलीजेंस इनपुट के हवाले से आतंकवादी खतरे की बात कहते हुए जम्मू एवं कश्मीर सरकार ने शुक्रवार को एक एडवाइजरी जारी की। इसमें तीर्थयात्रियों को घाटी से जल्द से जल्द लौटने की सलाह दी गई है। जम्मू एवं कश्मीर के गृह विभाग ने यह एडवाइजरी जारी की है। यात्रा को लेकर शीर्ष सुरक्षा प्रतिष्ठान ने कहा कि इस तरह के इनपुट है कि यात्रा को पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों द्वारा निशाना बनाया जा सकता है।
एडवाइजरी जारी होने के बाद महबूबा मुफ्ती ने एक के बाद एक कई ट्वीट कर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि देश की अर्थव्यवस्था लड़खड़ा रही है लेकिन सरकार हमेशा की तरह कश्मीर का इस्तेमाल असल मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए करेगी। इस कदम के गंभीर नतीजे होंगे और इससे कश्मीरी लोग हाशिये पर चले जाएंगे।
महबूबा ने एक अन्य ट्वीट में लिखा कि केंद्र सरकार इकलौते मुस्लिम बहुल राज्य का प्यार जीतने में नाकाम रही है, जिसने धार्मिक आधार पर विभाजन को खारिज कर सेक्युलर इंडिया को चुना। अब परदा उठ रहा है और भारत ने कश्मीर के लोगों के ऊपर भूभाग को चुना है।
वहीं नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस एडवाइजरी पर सवाल उठाया और ट्वीट कर लिखा कि मुझे यह समझ में नहीं आ रहा है कि जब सरकार विदेशी और भारतीय पत्रकारों की टीम पर पैसे बहाकर उन्हें यह बता रही है कि कश्मीर के हालात कितने अच्छे हैं और यात्रा कितनी अच्छी चल रही है तो फिर यात्रियों और पर्यटकों को तत्काल लौटने का यह आदेश क्यों जारी किया गया है।
इसके अलावा कांग्रेस के सीनियर नेता गुलाम नबी आजाद ने राज्य सरकार की तरफ से अमरनाथ यात्रियों और पर्यटकों को घाटी छोड़ने की एडवाइजरी के बाद कहा, “जम्मू कश्मीर पॉलिसी ग्रुप ऑफ कांग्रेस डॉक्टर मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में मिले। भारत सरकार की आशंका को लेकर गृह मंत्रालय और राज्य सरकार दोनों की तरफ से डर का माहौल पैदा किया जा रहा है। सुरक्षाबलों की भारी तैनाती, अमरनाथ यात्रा में कटौती और पर्यटकों-यात्रियों को लेकर जारी अप्रत्याशित एडवाइजरी ने भारी असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। हम भारत सरकार से यह अपील करते हैं के वे ऐसा कोई फैसला न लें जिससे गहरा संकट पैदा हो जाए।”
कश्मीर में अमरनाथ यात्रियों के लिए जारी एडवाइजरी पर महबूबा-उमर ने उठाए सवाल

