बीजिंग:कोरोना वायरस के खिलाफ दुनिया में अब तक हजारों लोगों की मौत के बावजूद इसके आ रहे नए मामलों के चलते इस वक्त बेहद भयावह स्थिति बनी हुई है। ऐसे में कोरोना पर चीन से एक राहत भरी खबर आ रही है। घातक कोरोना वायरस का मुकाबला करने के तौर-तरीके ढूंढने में दुनियाभर के वैज्ञानिकों के जुट जाने के बीच चीन ने इसके टीके के लिए क्लीनिकल ट्रायल का पहला चरण शुरू किया है। रिकार्ड से यह पता चला है।
यह परीक्षण ऐसे वक्त शुरू हुआ है जब अमेरिका के स्वास्थ्य अधिकारियों ने पिछले सप्ताह कहा था कि उन्होंने सिएटल में संभावित टीके का परीक्षण किया है। 17 मार्च को देश के क्लीनिकल ट्रायल रजिस्ट्री में जमा किये गए दस्तावेजों के अनुसार चीन का प्रयास 16 मार्च को शुरू हुआ, जिसके साल के आखिर तक चलने की संभावना है। उसी दिन अमेरिका ने भी इसकी घोषणा की थी।
कोविड-19 के पहले चरण का ट्रायल शुरू
सरकारी धन से प्रायोजित इस परियोजना से जुड़े एक सदस्य ने कहा, ”कोविड-19 के पहले चरण के ट्रायल के स्वयंसेवकों ने पहले से ही टीके लेने शुरू कर दिये हैं।” इसमें 18 से 60 साल तक के 108 लोग भाग लेंगे और उनका तीन समूहों में परीक्षण किया जाएगा। उन्हें अलग-अलग डोज दिया जाएगा। वे सभी वुहान के नागरिक हैं जहां नया कोरोना वायरस पिछले साल आखिर में सामने आया था।
कोविड-19 महामारी फैलने के बाद सरकारों ने सुरक्षा उपाय बढ़ा दिये थे और दुनियाभर में दवा कंपनियां और रिसर्च प्रयोगशालाएं पूरी तरह जुटी हुई हैं। फिलहाल इस नयी बीमारी के लिए कोई मान्य टीका या दवा नहीं है। इस बीमारी के चलते दुनिया में अब तक 13,000 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।
चीन में एक स्थानीय मामला सामने आया
चीन में लगातार तीन दिन तक कोरोना वायरस संक्रमण का एक भी स्थानीय मामला सामने नहीं आने के बाद शनिवार को एक घरेलू मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा बाहर दूसरे देशों से आए संक्रमित लोगों के 45 नए मामले सामने आए हैं। चीन ने कोविड-19 को देश में फिर से बढ़ने से रोकने के लिए कड़े कदम उठाए हैं।
चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग (एनएचसी) ने बताया कि चीन में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 46 नए मामले सामने आए। इनमें एक मामला ग्वांगझू में बाहर से आए संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से घरेलू संक्रमण का है। चीन में इस वायरस से शनिवार को हुबेई प्रांत में पांच लोगों समेत कुल छह और लोगों की मौत हो गई और इसके साथ ही देश में मरने वालों की संख्या बढ़कर 3,261 हो गई है।

