वॉशिंगटन: दुनियाभर में कोरोनावायरस से अब तक एक लाख सात हजार लोगों की मौत हो चुकी है। तीन लाख 95 हजार ठीक हो चुके हैं। 210 देशों में 17 लाख लोग संक्रमित हैं। कुल मौतों और संक्रमितों के लिहाज से शनिवार रात अमेरिका सबसे ऊपर पहुंच गया। यहां अब तक कुल 20 हजार 069 लोगों की मौत हो चुकी है। इटली में यह आंकड़ा 19 हजार 468 है। इटली में संक्रमण से 100 प्रीस्ट (ईसाई धर्मगुरु या पादरी) की भी मौत हुई है।
स्पेन में 23 मार्च के बाद शुक्रवार को सबसे कम 510 लोगों की जान गई। 16 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद सरकार गैरजरूरी सेवाओं पर से प्रतिबंध हटाने जा रही है। डेनमार्क में अगले हफ्ते स्कूल भी खुल जाएंगे। ये हालात तब हैं जबकि डब्ल्यूएचओ ने शुक्रवार को ही कहा था कि लॉकडाउन खत्म करने में किसी भी देश को जल्दबाजी नहीं दिखानी चाहिए। इससे और ज्यादा लोगों की मौत हो सकती है।
कोरोनावायरस : सबसे ज्यादा प्रभावित 10 देश
| देश | कितने संक्रमित | कितनी मौतें | कितने ठीक हुए |
| अमेरिका | 5,21,816 | 20,069 | 28,587 |
| स्पेन | 1,61,852 | 16,353 | 59,109 |
| इटली | 1,52,577 | 19,468 | 30,455 |
| फ्रांस | 1,24,869 | 13,197 | 24,932 |
| जर्मनी | 1,22,171 | 2,767 | 53,913 |
| चीन | 81,953 | 3,339 | 77,525 |
| ब्रिटेन | 78,991 | 9,875 | 344 |
| ईरान | 70,029 | 4,357 | 41,947 |
| तुर्की | 47,029 | 1,006 | 2,423 |
| बेल्जियम | 28,018 | 3,346 | 5,986 |
स्रोत: https://www.worldometers.info/coronavirus/

