नई दिल्ली: कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को देश में 854 नए केस मिले। वहीं, कुल संक्रमितों की संख्या 8 हजार 453 हो गई। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 1761 मरीज हैं, तो वहीं दिल्ली में 1069 पॉजिटिव मामले सामने आ चुके हैं। कश्मीर के कुपवाड़ा में निजामुद्दीन की यात्रा करने की बात छिपाने वाले एक व्यक्ति पर केस दर्ज किया गया है। इधर, शनिवार को महाराष्ट्र में 187, दिल्ली में 166, राजस्थान में 139, गुजरात में 90 और मध्यप्रदेश में 78 नए केस मिले। वहीं, कर्नाटक में 8, झारखंड और हरियाणा में 3-3 और बिहार में 4 मामले सामने आए। ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट और राज्य सरकारों के आंकड़ों के अनुसार हैं। वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, शनिवार शाम 5 बजे तक देश में 7 हजार 529 लोग संक्रमित हैं। इनमें से 6 हजार 634 का इलाज चल रहा है। 652 ठीक हुए हैं और 242 की मौत हो चुकी है।
महाराष्ट्र, बंगाल, तेलंगाना, पंजाब और ओडिशा में लॉकडाउन बढ़ा
इधर, देश में पांच राज्यों ने लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला किया है। महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल और तेलंगाना सरकार ने शनिवार को लॉकडाउन 30 अप्रैल तक बढ़ाने की घोषणा की। वहीं, पंजाब और ओडिशा पहले ही यह फैसला ले चुके हैं। इधर, कयास लगाए जा रहे हैं कि केंद्र सरकार देशभर में लॉकडाउन को दो हफ्ते के लिए बढ़ा सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मुख्यमंत्रियों के साथ करीब 4 घंटे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। बैठक के तुरंत बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘प्रधानमंत्री ने लॉकडाउन बढ़ाने का सही फैसला लिया है।’’
सरकार ने कहा- लॉकडाउन नहीं किया होता तो 45 हजार केस होते
केंद्रीय मंत्रालयों की साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में शनिवार दोपहर को कहा गया कि अभी देश में संक्रमण के 7 हजार 447 केस हैं। अगर लॉकडाउन नहीं होता, तो यह संख्या 45 हजार के करीब होती। अगर सरकार की तरफ से गंभीर कोशिश न की गई होती, तो अब तक 8.2 लाख केस सामने आते। इसलिए लॉकडाउन काफी जरूरी है। गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कहा है कि वे डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों को सुरक्षा मुहैया कराएं। वह चाहे अस्पताल में हों या क्वारैंटाइन सेंटर पर, हर जगह जरूरी उपाय किए जाएं।
छह दिन जब संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले आए
| दिन | मामले |
| 10 अप्रैल | 871 |
| 11 अप्रैल | 847 |
| 09 अप्रैल | 813 |
| 05 अप्रैल | 605 |
| 04 अप्रैल | 579 |
| 07 अप्रैल | 573 |
सोमवार से केंद्रीय मंत्री और आला अफसर कामकाज शुरू कर सकते हैं
इस बीच, सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली है कि केंद्र सरकार ने सभी मंत्रियों से सोमवार से कामकाज संभालने और लॉकडाउन खत्म होने के बाद अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने की योजना बनाने को कहा है। सरकार ने सभी मंत्रालयों ने अपने विभागों के संयुक्त सचिव और उससे वरिष्ठ पदों वाले अफसरों से भी कामकाज संभालने और विभाग में एक तिहाई जरूरी स्टाफ को बुलाने को कहा है।
25 राज्यों और 7 केंद्र शासित प्रदेशों में फैला संक्रमण
कोरोनावायरस अब तक देश के 25 राज्यों में पैर पसार चुका है। वहीं, देश के सात केंद्र शासित प्रदेश (यूटी) में भी कोरोना का संक्रमण पहुंच चुका है। इनमें दिल्ली, चंडीगढ़, अंडमान-निकोबार, दादरा एवं नगर हवेली, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पुडुचेरी शामिल हैं।
| राज्य/यूटी | कितने संक्रमित | कितनी मौत | कितने ठीक हुए |
| महाराष्ट्र | 1761 | 111 | 208 |
| तमिलनाडु | 969 | 10 | 44 |
| दिल्ली | 1069 | 14 | 27 |
| तेलंगाना | 503 | 12 | 96 |
| राजस्थान | 700 | 8 | 116 |
| मध्यप्रदेश | 529 | 41 | 39 |
| उत्तरप्रदेश | 452 | 4 | 45 |
| आंध्रप्रदेश | 405 | 6 | 10 |
| केरल | 373 | 3 | 143 |
| गुजरात | 468 | 19 | 44 |
| कर्नाटक | 215 | 6 | 39 |
| जम्मू-कश्मीर | 224 | 4 | 6 |
| हरियाणा | 179 | 4 | 36 |
| पंजाब | 158 | 12 | 20 |
| पश्चिम बंगाल | 126 | 7 | 16 |
| बिहार | 64 | 1 | 18 |
| ओडिशा | 54 | 1 | 12 |
| उत्तराखंड | 35 | 0 | 5 |
| असम | 29 | 1 | 0 |
| हिमाचल प्रदेश | 32 | 2 | 8 |
| चंडीगढ़ | 19 | 2 | 7 |
| छत्तीसगढ़ | 25 | 0 | 10 |
| लद्दाख | 15 | 0 | 11 |
| झारखंड | 17 | 1 | 0 |
| अंडमान-निकोबार | 11 | 0 | 10 |
| गोवा | 7 | 0 | 5 |
| पुडुचेरी | 7 | 0 | 1 |
| मणिपुर | 2 | 0 | 1 |
| अरुणाचल प्रदेश | 1 | 0 | 0 |
| दादरा एवं नगर हवेली | 1 | 0 | 0 |
| मिजोरम | 1 | 0 | 0 |
| त्रिपुरा | 2 | 0 | 0 |
ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट के मुताबिक हैं। वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, 7 हजार 529 संक्रमित हैं। इनमें से 6 हजार 634 का इलाज चल रहा है। 652 ठीक हुए हैं और 242 की मौत हो चुकी है।

