नई दिल्ली: कोरोनावायरस संक्रमण के मरीजों की संख्या 6 हजार 637 हो गई है। हालात से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने कोविड-19 इमरजेंसी रिस्पॉन्स एंड हेल्थ सिस्टम प्रिपेयर्डनेस पैकेज के तहत 15 हजार करोड़ रुपए के फंड को मंजूरी दी है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि 100% केंद्रीय फंड के इस पैकेज को जनवरी, 2020 से मार्च 2024 के बीच तीन किश्तों में लागू किया जाएगा।
केंद्र ने पैकेज जारी करते हुए कहा- इस पैकेज से राष्ट्रीय और राज्यों के स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने का काम किया जाएगा। इससे बीमारी के रोकथाम और इससे मुकाबले की तैयारी भी हो सकेगी। जरूरी मेडिकल उपकरण और जरूरी दवाइयों की खरीदी के साथ निगरानी के पुख्ता इंतजाम भी किए जा सकेंगे। इस पैकेज के जरिए जांच के लिए प्रयोगशालाएं और बायो सिक्योरिटी के तरीके भी विकसित किए जा सकेंगे।
संक्रमण के नए मामलों में महाराष्ट्र अव्वल
देश में गुरुवार को सबसे ज्यादा 211 नए मामले महाराष्ट्र में सामने आए। वहीं, गुजरात में 76, राजस्थान में 47, उत्तरप्रदेश में 19, मध्यप्रदेश में 56, छत्तीसगढ़ में 8 और बिहार में 12 मरीज बढ़े। इनके अलावा कर्नाटक में 16, झारखंड में 9, पंजाब में 24, पश्चिम बंगाल में 4, ओडिशा में 2, हरियाणा में 3, हिमाचल प्रदेश 1 मामला सामने आया। ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट के मुताबिक हैं। वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार शाम बजे बताया कि देश में कुल संक्रमितों की संख्या 5 हजार 865 हो गई है। इनमें से 477 मरीज ठीक हुए हैं, जबकि 169 की मौत हो चुकी है।
सरकार की प्रेस कॉन्फ्रेंस की अहम बातें
- सरकार की साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में गुरुवार को बाताया गया कि रेलवे ने 2 हजार 500 डॉक्टर और 35 हजार पैरामेडिक कर्मचारियों को नियुक्त किया है। रेलवे की 586 स्वास्थ्य इकाइयों, 45 सब डिविजन अस्पताल, 56 डिविजनल अस्पताल, 8 प्रोडक्शन यूनिट और 16 जोनल हॉस्पिटल भी लगातार संक्रमण रोकने के लिए काम कर रहे हैं।
- हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन केवल पॉजिटिव मरीजों का इलाज करने वाले डॉक्टर को दी जा रही है। इसे अगर हाइपर टेंशन के मरीजों को दिया जाएगा तो उन्हें दिल का दौरा पड़ सकता है। सरकार इसकी कमी नहीं होने देगी।
- मंत्रीसमूह की बैठक में कोरोनावायरस के इलाज के लिए विशेष अस्पताल बनाने, साथ ही पीपीई और अन्य जरूरी चीजों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। पीपीई की सप्लाई मिलनी शुरू हो गई है।
- फूड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया, एनजीओ-चैरिटेबल सोसाइटी की मदद से राशन आपूर्ति कर रहा है। हर जिले में अच्छा काम हो रहा है। जिला स्तर पर 90 हजार लोगों को भोजन मुहैया कराया जा रहा है। नीड ऑन व्हील्स की मदद से जिला प्रशासन जरूरी सामान की आपूर्ति कर रहा है।
- गृह मंत्रालय ने कहा- जो लोग लॉकडाउन की वजह से फंसे है उनकी मदद के लिए राज्य सरकारें कई कदम उठा रही हैं। उन्हें ऐप की मदद से चिह्नित किया जा रहा है। कैंप लगाकर रहने और भोजन की व्यवस्था की जा रही है।
कोरोना से जुड़े कुछ अहम अपडेट्स…
- स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि रेलवे ने 2 हजार 500 डॉक्टर और 35 हजार पैरा मेडिकल स्टाफ की तैनाती की है। 5 हजार कोचों को आइसोलेशन यूनिट में बदला जा रहा है। जरूरी सामानों की सप्लाई के लिए 109 ट्रेनें चलाई जाएंगी।
- दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी कोरोनावायरस आपदा के बीच सरकार की मदद के लिए आगे आई है। कमेटी ने 50 बिस्तरों वाला गुरु हरकृष्णा हॉस्पिटल और छह मंजिला 500 बिस्तर का एक अन्य अस्पताल मरीजों के इलाज के लिए दिल्ली सरकार को सौंप दिया है।
- ओडिशा में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने लॉकडाउन 30 अप्रैल तक बढ़ा दिया है। ओडिशा ऐसा करने वाला पहला राज्य है। पटनायक ने केंद्र सरकार से अनुरोध किया है कि 30 अप्रैल तक राज्य में ट्रेनों और विमानों का संचालन न किया जाए।
- मुंबई में बुधवार को लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर 464 मामले दर्ज किए गए। 20 मार्च से अब तक 3 हजार 634 केस दर्ज किए जा चुके हैं। कल तक 2 हजार 850 लोगों को गिरफ्तार किया गया और जमानत पर रिहा किया गया।
- फेडरेशन ऑफ रेसिडेंस डॉक्टर्स एसोसिएशन ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। इसमें कहा गया है कि डॉक्टरों पर हमले के कई मामले सामने आए हैं, ऐसे में डॉक्टरों केलिए केंद्रीय सुरक्षा अधिनियम की जरूरत है।
- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को कहा कि वे 11 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस में शामिल होंगी। मोदी इस दिन कोविड-19 की रोकथाम को लेकर राज्यों के मुख्यमंत्रियों से चर्चा करेंगे।
- मुख्यमंत्री वायएस जगनमोहन रेड्डी ने कहा है कि आंध्रप्रदेश में विजयवाड़ा के क्वारैंटाइन सेंटर में रखे गए लोगों को फल, सूखे मेवे और अंडे दिए जा रहे हैं, ताकि उनका इम्यून सिस्टम बेहतर हो। राज्य के अन्य क्वारैंटाइन सेंटर्स से भी इस ‘गोरू मुड्डा’ मेन्यू का अनुसरण करने को कहा गया है।
27 राज्य और 5 केंद्र शासित प्रदेशों में फैला संक्रमण
| राज्य | कितने संक्रमित | कितनी मौत | कितने ठीक हुए |
| महाराष्ट्र | 1346 | 81 | 117 |
| तमिलनाडु | 834 | 8 | 27 |
| दिल्ली | 720 | 12 | 25 |
| तेलंगाना | 471 | 12 | 45 |
| राजस्थान | 430 | 6 | 45 |
| उत्तरप्रदेश | 410 | 4 | 31 |
| आंध्रप्रदेश | 348 | 5 | 6 |
| केरल | 357 | 2 | 97 |
| मध्यप्रदेश | 405 | 26 | 25 |
| गुजरात | 262 | 17 | 26 |
| कर्नाटक | 197 | 6 | 30 |
| हरियाणा | 170 | 2 | 32 |
| जम्मू-कश्मीर | 184 | 4 | 6 |
| पंजाब | 130 | 10 | 18 |
| प.बंगाल | 103 | 5 | 16 |
| ओडिशा | 44 | 1 | 2 |
| बिहार | 51 | 1 | 15 |
| उत्तराखंड | 35 | 0 | 5 |
| असम | 28 | 0 | 0 |
| हिमाचल प्रदेश | 28 | 2 | 1 |
| चंडीगढ़ | 18 | 1 | 7 |
| लद्दाख | 14 | 0 | 10 |
| अंडमान-निकोबार | 11 | 0 | 0 |
| छत्तीसगढ़ | 18 | 0 | 9 |
| गोवा | 7 | 0 | 0 |
| पुडुचेरी | 5 | 0 | 1 |
| झारखंड | 13 | 1 | 0 |
| मणिपुर | 2 | 0 | 1 |
| अरुणाचल प्रदेश | 1 | 0 | 0 |
| दादरा एवं नगर हवेली | 1 | 0 | 0 |
| मिजोरम | 1 | 0 | 0 |
| त्रिपुरा | 1 | 0 | 0 |
ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट और राज्य सरकारों से मिले आंकड़ों के मुताबिक हैं। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार शाम 5 बजे तक देश में कुल संक्रमितों की संख्या 5 हजार 865 बताई है। इनमें से 477 मरीज ठीक हुए हैं, जबकि 169 की मौत हो चुकी है।

