कप्तानगंज पुलिस ने छावनी क्षेत्र में हाईवे ओवरब्रिज के पास से दबोचा, तीन मुकदमों में नामजद है आरोपी
कप्तानगंज, बस्ती। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के एक पैथोलॉजी सेंटर से अल्ट्रासाउंड मशीन व अन्य उपकरण चोरी करने के मामले में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अर्जुन उर्फ विकास उर्फ विशाल भट्ट निवासी चरथी कथिक, थाना छावनी, जनपद बस्ती के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का एक लैपटॉप, एक जियो मोबाइल फोन और 700 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को कस्बा कप्तानगंज स्थित सत्या पैथोलॉजी सेंटर का ताला तोड़कर अल्ट्रासाउंड मशीन और अन्य उपकरण चोरी कर लिए गए थे। इस मामले में थाना कप्तानगंज में मुकदमा संख्या 257/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में वांछित आरोपी की तलाश में जुटी कप्तानगंज पुलिस ने 30 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे थाना छावनी क्षेत्र में ब्लॉक के आगे सर्विस लेन स्थित हाईवे ओवरब्रिज के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि बरामद लैपटॉप चोरी की घटना से संबंधित है। आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा जारी विवरण के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना छावनी में मारपीट व धमकी से संबंधित एक मुकदमा, थाना कप्तानगंज में चोरी का एक मुकदमा तथा लखनऊ के चौक थाने में चोरी से संबंधित एक अन्य मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में कप्तानगंज थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक अनिल त्रिपाठी, रविन्द्र यादव, प्रहलाद यादव, हेड कांस्टेबल गणेश सिंह तथा कांस्टेबल अभिमन्यु शर्मा, पंकज सिंह, विकास वर्मा और शरद कुमार शामिल रहे।
