श्रीनगर: एक ओर जहां भारत समेत पूरी दुनिया कोरोना के खिलाफ जंग में व्यस्त है, वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान है जो इस संकट के घड़ी में भी अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है और भारत में आतंकवादियों की घुसपैठ कराने की लगातार कोशिशें कर रहा है। बीते कुछ समय से सीमा पार से हो रहे आतंकी गतिविधियों पर सेना प्रमुख मनोज मुकुंद नरवणे ने पाकिस्तान को आड़े हाथों लिया और कहा कि इस संकट के दौर में हम दुनियाभर में मेडिकल टीमें और दवाएं भेज कर मदद कर रहे हैं, मगर पाकिस्तान आतंकवाद का निर्यात कर रहा है।
जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में समाचार एजेंसी एएनआई से सेना प्रमुख नरवणे ने कहा कि जिस वक्त हम न सिर्फ हमारे देश के लोगों बल्कि अन्य देशों के लोगों को भी मेडिकल टीम, दवाएं भेजकर मदद कर रहे हैं, उस वक्त पाकिस्तान सिर्फ आतंक को एक्सपोर्ट कर रहा है। यह अच्छी बात नहीं है।’
उन्होंने आगे कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसे समय में जब पूरी दुनिया और भारत इस कोविड-19 महामारी के खतरे से जूझ रहा हा, हमारा पड़ोसी हमारे लिए भारी मुसीबत बना हुआ है। बता दें कि सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे जम्मू-कश्मीर के दौरे पर हैं और गुरुवार को उन्होंने कश्मीर घाटी का दौरा कर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की।

