वाशिंगटन: पूरी दुनिया में कोरोना वायरस का कहर जारी है और अमेरिका अब तक इस महामारी से सबसे ज्यादा तबाह हुआ है। कोरोना वायरस का प्रकोप झेल रहे अमेरिका में संक्रमितों की संख्या 7,00,000 (7 लाख) पार कर गया है। बाल्टीमोर स्थित जॉन्स हॉप्किन्स विश्वविद्यालय के अनुसार, दुनिया के किसी भी देश में संक्रमण के मामले और मरने वाले लोगों की सर्वाधिक संख्या अमेरिका में है। इस बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने किसानों को सहायता राशि देने का ऐलान किया है।
36 हजार से अधिक की मौत
दरअसल, अमेरिका में कोविड-19 के शुक्रवार रात तक 7,00,282 मामले सामने आए और 36,773 लोगों की मौत हो गई। पिछले 24 घंटे में मरने वाले लोगों की संख्या 3,856 तक बढ़ी है लेकिन इन आंकड़ों में कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीजों के मौत के मामले भी शामिल हो सकते हैं जिन्हें पहले नहीं गिना गया था।
अमेरिका के बाद इटली का नंबर
अमेरिका के रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र ने शुक्रवार रात तक मृतकों की संख्या 33,049 बताई। अमेरिका में कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के कारण सबसे अधिक मौतें हुई हैं। इसके बाद इटली में 22,745 लोगों की मौत हुई। हालांकि उसकी कुल आबादी अमेरिका की जनसंख्या का महज पांचवां हिस्सा है। स्पेन में 19,478 और फ्रांस में 18,681 लोगों की मौत हुई।
किसानों को सहायता पैकेज
इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि देश में आठ करोड़ अमेरिकी लोगों को कोरोना वायरस राहत राशि मिल चुकी है और प्रशासन किसानों को 19 अरब डॉलर की सहायता प्रदान करेगा। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वित्त विभाग ने आठ करोड़ से अधिक अमेरिकियों को आर्थिक राहत भुगतान भेज दिया है। उन्होंने किसान सहायता पैकेज के बारे में बताया कि किसानों को 16 अरब डॉलर का सीधे भुगतान किया जायेगा और भोजन वितरण के लिए तीन अरब डॉलर का इस्तेमाल किया जाएगा। (इनपुट एजेंसियों से)

