नई दिल्ली:पाकिस्तान जहां नियंत्रण रेखा पर बिना उकसावे के फायरिंग कर रहा है, और जब भारतीय सेना उसका मुंहतोड़ जवाब दे रही है तो वह यह झूठ फैला रहा है कि भारतीय सुरक्षा बल क्लस्टर बमों का इस्तेमाल कर रहे हैं। भारतीय सेना ने उसके दावों को खारिज किया है। सेना ने शनिवार को कहा, ‘हम सिर्फ पाकिस्तानी फायरिंग का जवाब दे रहे हैं। हम सिर्फ सैन्य ठिकानों और पाकिस्तानी सेना की मदद से घुसपैठ की कोशिश कर रहे आतंकवादियों को निशाना बना रहे हैं। भारत द्वारा क्लस्टर बमों की फायरिंग के आरोप पाकिस्तान के धोखे, छल और झूठ का एक और उदाहरण है।’
भारतीय सेना ने कहा, ‘पाकिस्तानी सेना नियमित तौर पर आतंकवादियों की घुसपैठ कराने की कोशिश करती है और उनकी मदद के लिए भारी गोलीबारी करती है। भारत ने डायरेक्टरेट ऑफ मिलिटरी ऑपरेशंन लेवल की बातचीत में कई बार कहा है कि उसके पास फायरिंग का जवाब देने का अधिकार सुरक्षित है।’
क्या होते हैं क्लस्टर बम?
क्लस्टर बम बेहद खतरनाक और विनाशक माने जाते हैं। दरअसल यह बमों का एक गुच्छा होता है। इसे लड़ाकू विमानों से गिराया जाता है। एक ही क्लस्टर बम में कई बम गुच्छे के रूप में होते हैं। दागे जाने के बाद क्लस्टर बम अपने भीतर के बमों को गिराने से पहले हवा में मीलों तक उड़ सकते हैं। यह जहां गिरते हैं वहां 25 से 30 मीटर के दायरे में भारी तबाही मचाते हैं।
क्लस्टर बम के इस्तेमाल के आरोप को सेना ने बताया पाकिस्तान का झूठ

