नई दिल्ली:कोरोना रोकने के लिए लॉकडाउन और उसके बाद पैदा हुए हालात में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में काफी हद तक कारगर साबित हुई है। यही वजह है कि कई राज्य सरकारों ने खाद्य मंत्रालय को पत्र लिखकर इस मुफ्त अनाज योजना को तीन माह और बढ़ाने की मांग की है।
उपभोक्ता मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि कई प्रदेशों ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना को तीन माह और बढ़ाने का आग्रह किया है। यह योजना कोरोना महामारी में लॉकडाउन के दौरान हर व्यक्ति तक खाना पहुंचाने के लिए शुरू की गई थी। लॉकडाउन में कोई भूखा नहीं सोए।
वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मध्य प्रदेश और राजस्थान सहित दूसरे प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों से अन्न योजना को तीन माह और बढ़ाने के आग्रह को प्रधानमंत्री कार्यालय को भेज दिया गया है। राज्य सरकार प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के साथ आत्मनिर्भर योजना को भी बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
केंद्र ने पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के दायरे में आने वाले लाभार्थियों को तीन माह तक पांच किलो गेंहू या चावल और एक किलो दाल प्रति परिवार मुफ्त देने का ऐलान किया था।
यह योजना अप्रैल, मई और जून के लिए थी। लगभग सभी राज्यों ने दो माह के अनाज का वितरण कर दिया है। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के तहत मिलने वाले अनाज के साथ लाभार्थियों को इस योजना के तहत खाद्य मंत्रालय ने 15 लाख टन गेंहू और करीब 105 लाख टन चावल आवंटित किया था।

