बैंगलुरु। 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जीतो चैप्टर बैंगलोर नॉर्थ की लेडीज विंग द्वारा अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी बाफना के नेतृत्व में “योगा एवं लाफ्टर = हैप्पी फैक्टर” कार्यशाला का सफल आयोजन जे सी रोड स्थित जेएटीएफ बलडोटा गर्ल्स हॉस्टल में किया गया।
इस कार्यशाला की मुख्य प्रशिक्षिका सर्टिफाइड योगा थैरेपिस्ट एवं सर्टिफाइड मर्म योगा (फ्रांस) श्रीमती जिगना कपासी रहीं। उन्होंने योग के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि योग एक आध्यात्मिक प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से शरीर और आत्मा का समन्वय होता है। योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करना हर व्यक्ति के लिए लाभदायक है क्योंकि यह समग्र फिटनेस को सुधारता है, तनाव कम करता है और मानसिक शांति प्रदान करता है। उन्होंने नवकार मंत्र एवं प्रार्थना के साथ योग के विभिन्न आसनों और ध्यान का अभ्यास भी करवाया।
जीतो लेडीज विंग बैंगलोर फाउंडर चेयरपर्सन एवं मेंटर श्रीमती निशा सामर ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन देन है, जो आज अपने शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों के कारण वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त कर चुका है।
कार्यक्रम का शुभारंभ नवकार मंत्र से हुआ। अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी बाफना ने अतिथियों एवं सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि स्वास्थ्य ईश्वर का अनमोल उपहार है और एक स्वस्थ व्यक्ति न केवल आत्मविश्वासी होता है, बल्कि मिलनसार और ऊर्जावान भी होता है।
कार्यक्रम की संयोजिका श्रीमती संगीता नागौरी ने प्रशिक्षिका श्रीमती जिगना कपासी का परिचय कराया, वहीं सह-संयोजिका श्रीमती ममता बांठिया ने संपूर्ण व्यवस्थाओं का सुचारू संचालन किया। बालिका छात्रावास संयोजिका श्रीमती चित्रा मेहता, उपाध्यक्ष श्रीमती सुमन सिंघवी, सह मंत्री श्रीमती मीना बडेरा एवं श्रीमती सुमन रांका, कार्यकारिणी सदस्यों में श्रीमती नीता गादिया, अल्का लोढ़ा, लेखा गांधी, संगीता मुथा, नेहा भंडारी, बिंदु नाहर, नंदा बाफना, दीपू जैन, रिंकू बाफना और नीतू मेहता सहित लगभग 100 सदस्य इस कार्यशाला में उपस्थित रहीं। महामंत्री श्रीमती रक्षा छाजेड़ ने कार्यक्रम का कुशल संचालन किया एवं सभी का आभार व्यक्त किया।
जीतो लेडीज विंग बैंगलोर नॉर्थ द्वारा योग दिवस पर “योगा एवं लाफ्टर – हैप्पी फैक्टर” कार्यशाला का आयोजन

