बैंगलुरु। जे.बी.एन.-वी कनैक्ट महिला व्यवसाय समूह ने अपनी चौथी कार्यकाल के अंतर्गत दूसरा “ऑफिस दर्शन” कार्यक्रम “क्राफ्टर्स”, वाणी विलास रोड, वी.वी. पुरम, बैंगलोर में भव्य रूप से आयोजित किया। इस विशेष कार्यक्रम की मेज़बानी श्रीमती अंजना ऋषभ जैन ने की, जो “क्रिएटाइट” और “माइंडफुल आर्ट वर्कशॉप्स” की संस्थापक हैं।
इस गरिमामयी अवसर पर जे.एल.डब्ल्यू. कोषाध्यक्ष एवं जे.बी.एन. संयोजक श्रीमती तनुजा मेहता तथा संयुक्त सचिव श्रीमती सुमन रांका की विशिष्ट उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान श्रीमती अंजना जैन ने अपने व्यवसायिक कार्यों और रचनात्मक दृष्टिकोण को साझा करते हुए बताया कि वह पुरुषों के वेडिंग कलेक्शन जैसे शेरवानी, बंडी और इंडो-वेस्टर्न परिधानों को अपनी कलात्मक दृष्टि और उत्कृष्ट हस्तशिल्प के माध्यम से तैयार करती हैं। उनके परिधान न केवल उच्च गुणवत्ता वाले कपड़ों से निर्मित होते हैं, बल्कि विवाह पूर्व आयोजनों – जैसे हल्दी, मेहंदी, कार्निवल, फूलों की होली – तथा पूजा व धार्मिक अवसरों के लिए विशेष रूप से ग्राहकों की पसंद के अनुसार डिज़ाइन किए जाते हैं।
अपने उद्यम “क्रिएटाइट” के माध्यम से वह समाज से जुड़कर बच्चों और किशोरों के लिए नियमित रूप से कला कार्यशालाएं आयोजित करती हैं। कार्यक्रम के दौरान आयोजित एक हैंड्स-ऑन क्रिएटिव एक्टिविटी ने उपस्थित सदस्यों को उनकी रचनात्मक यात्रा की जीवंत झलक प्रदान की। उनका कार्य तीन मूल सिद्धांतों – गुणवत्ता, विविधता और मूल्य – पर आधारित है, जिसके माध्यम से वे “उद्देश्य के साथ कला का सुंदर समावेश” प्रस्तुत करती हैं।
इस कार्यक्रम का प्रभावी समन्वय जे.बी.एन. टीम द्वारा किया गया, जिसमें रेफ़रल हेड श्रीमती मीना जैन, रेफ़रल लीड श्रीमती लीला पितलिया एवं रेफ़रल सचिव सीए श्रीमती सुखदेवी जैन की सक्रिय भूमिका रही।
जे.बी.एन.-वी कनैक्ट महिला व्यवसाय समूह द्वारा “ऑफिस दर्शन” कार्यक्रम का सफल आयोजन

