बेंगलुरु। जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) बेंगलुरु नॉर्थ चैप्टर फाउंडेशन के गांधीनगर स्थित नवीन कार्यालय में तेरापंथ युवक परिषद, बेंगलुरु के संस्कारकों द्वारा जैन संस्कार विधि के अनुसार विधिवत मंगल पूजन सम्पन्न कराया गया। श्रद्धा, भक्ति एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में जीतो के पदाधिकारी, सदस्य एवं समाजजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
पूजन-अनुष्ठान का शुभारंभ सामूहिक णमोकार (नमस्कार) महामंत्र के मंगल उच्चारण से हुआ। तेयुप बेंगलुरु के संस्कारकों के मार्गदर्शन में सभी ने श्रद्धापूर्वक नवीन कार्यालय में मंगल प्रवेश किया। उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को तिलक किया गया तथा जैन संस्कार विधि के अनुरूप मंगल भावना यंत्र की स्थापना की गई।
संस्कारकों ने जैन संस्कार विधि एवं मंगल भावना यंत्र के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए विधि-विधान एवं मंगल मंत्रोच्चार के साथ संपूर्ण पूजन-अनुष्ठान सम्पन्न कराया। इस अवसर पर महावीर स्तुति एवं शांति मंत्र का सामूहिक उच्चारण किया गया तथा कार्यक्रम का समापन मंगल पाठ के साथ हुआ। अध्यक्ष श्री विमल कटारिया ने कहा कि नवीन कार्यालय धर्म, सेवा, संस्कार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की गतिविधियों का प्रेरणादायी केंद्र बनेगा। महामंत्री श्री विजय सिंघवी ने तेरापंथ युवक परिषद, बेंगलुरु के संस्कारकों एवं सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन की निरंतर प्रगति एवं समाजहित के कार्यों के विस्तार के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
जीतो बेंगलुरु नॉर्थ के नवीन कार्यालय का मंगल पूजन, तेयुप, बेंगलुरु द्वारा जैन संस्कार विधि से हुआ

