बेंगलुरु। जीतो बैंगलोर नॉर्थ चैप्टर के तत्वावधान में जीतो लेडीज़ विंग नॉर्थ द्वारा आयोजित “उड़ान B2C ट्रेड फेयर 2026” का दूसरा दिन भव्य, प्रेरणादायी एवं जागरूकता से परिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ जीतो के पदाधिकारीगण, गणमान्य अतिथियों एवं सदस्यों द्वारा नवकार महामंत्र के पावन सामूहिक उच्चारण के साथ सभागार में प्रवेश कर किया गया।
कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों एवं पदाधिकारियों का स्वागत-सत्कार लेडीज़ विंग नॉर्थ की अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी बाफना द्वारा आत्मीय शब्दों के साथ किया गया। उन्होंने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि “उड़ान B2C ट्रेड फेयर 2026” महिला उद्यमिता, आत्मनिर्भरता एवं सामाजिक जागरूकता का प्रभावशाली मंच है, जो महिलाओं को नवाचार एवं व्यवसायिक पहचान की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
इसके पश्चात लेडीज़ विंग नॉर्थ की महामंत्री श्रीमती रक्षा छाजेड़ ने आयोजन की संकल्पना एवं टीमवर्क पर प्रकाश डालते हुए इसे संगठन की सामूहिक मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट समन्वय का सशक्त उदाहरण बताया तथा सभी सदस्यों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
अवसर पर जेएलडब्ल्यू कन्वीनर श्री नेमीचंद दलाल ने लेडीज़ विंग की पूरी टीम को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन महिला उद्यमिता को सशक्त मंच प्रदान करने के साथ समाज में सकारात्मक सोच एवं सहभागिता को बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम के मुख्य सत्र में पूर्व आयकर आयुक्त एवं अधिवक्ता श्री टी.एन.सी. श्रीधर ने साइबर अपराधों की कानूनी परिभाषा एवं वर्तमान डिजिटल चुनौतियों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं, डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन एक्ट 2023 तथा साइबर अपराधों से बचाव हेतु डिजिटल साक्षरता एवं कानूनी जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता श्री टी.एन.सी. श्रीधर, गणेश बाग ट्रस्टी सुदर्शन जी माण्डोत एवं पुलिस इंस्पेक्टर के. वेंकटेश का जीतो बेंगलुरु नॉर्थ चैप्टर द्वारा सम्मान किया गया। कार्यक्रम की संयोजक श्रीमती नीता गादिया रहीं। “उड़ान B2C ट्रेड फेयर 2026” के अंतर्गत आयोजित प्लग कार्ट कॉम्पिटिशन में श्रीमती मधुबाला बरलोटा प्रथम एवं श्रीमती लेखा गांधी द्वितीय स्थान पर रहीं, जिन्हें मंच से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत “नाश्ता गली” आकर्षण का केंद्र रही, जहाँ विविध स्वादिष्ट व्यंजनों ने आगंतुकों को आकर्षित किया। यह गतिविधि श्रीमती बिंदु नाहर के संयोजन एवं श्रीमती सारिका जैन के सह-संयोजन में हुई।
इसी क्रम में “माय बैग माय स्टाइल – ग्रीन बैग क्रांति” कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं ग्रीन बैग उपयोग को प्रोत्साहित किया गया। इस जागरूकता कार्यक्रम का संयोजन कार्यक्रम सह-संयोजक श्रीमती संगीता बेताला द्वारा किया गया। जबकि “रील इट फील इट” प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने ट्रेड फेयर के जीवंत पलों को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम संयोजक श्रीमती नेहा भंडारी एवं सह-संयोजक श्रीमती प्रियंका जैन के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित लकी ड्रॉ में श्रीमती सुमन जैन बंपर प्राइज की विजेता रहीं। वहीं प्रथम पुरस्कार श्रीमती सारिका जैन, द्वितीय पुरस्कार श्रीमती मीनल जैन एवं तृतीय पुरस्कार श्रीमती खुशबू जैन को प्रदान किया गया।
हेल्थ चेक-अप कैंप में डॉ. एस. बिक्कमचंद जैन (डायरेक्टर, संतोष हॉस्पिटल) एवं डॉ. सीमा जैन के मार्गदर्शन में नि:शुल्क परामर्श, एक्यूपंक्चर, कपिंग थेरेपी, इन्फ्रारेड लाइट थेरेपी सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही जीवनशैली सुधार, दर्द के मूल कारणों की पहचान एवं प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों की जानकारी दी गई, जिसे सदस्यों से सराहनीय सहभागिता मिली।
“उड़ान B2C ट्रेड फेयर 2026” के सफल आयोजन में विभिन्न विभागीय टीमों का उल्लेखनीय योगदान रहा। बुकिंग टीम में मोना एवं संगीता मुथा, प्रोडक्शन टीम में साधना धोका एवं संगीता आंचलिया, रजिस्ट्रेशन टीम में दीपू माण्डोत, पोस्टर एवं विज्ञापन टीम में इंद्रा एवं समता, फूड मैनेजमेंट टीम में सूर्यकला एवं जिंकू तथा गिफ्ट्स व्यवस्था में मीना बरलोटा की सक्रिय भूमिका रही, जिनके समन्वय एवं समर्पण से कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक हुआ। “उड़ान B2C ट्रेड फेयर 2026” के दूसरे दिन के कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ किया गया। पूरे कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन तथा आभार ज्ञापन श्रीमती मीना बडेरा द्वारा किया गया।
जीतो बैंगलोर नॉर्थ की “उड़ान B2C ट्रेड फेयर 2026” का दूसरा दिन विविध कार्यक्रमों के साथ संपन्न
Highlights
- जीतो लेडीज़ विंग नॉर्थ की “उड़ान B2C ट्रेड फेयर 2026” में उमड़ा उत्साह

