बस्ती। होटल पदमा की अग्नि सुरक्षा, प्रदूषण संबंधी अनुमति और जनसुरक्षा से जुड़े बिंदुओं की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग को लेकर राष्ट्रीय पत्रकार एकता संघ की ओर से एसडीएम सदर को ज्ञापन सौंपा गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल सिंह के लेटर पैड पर दिए गए ज्ञापन में जिला अध्यक्ष अभिषेक गौतम और जिला महामंत्री इंद्रसेन गौतम ने होटल एवं मैरिज हॉल पदमा की वैधानिक व्यवस्थाओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया कि होटल एवं मैरिज हॉल में बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में अग्नि सुरक्षा उपकरण, आपातकालीन निकास और अन्य सुरक्षा मानकों का निर्धारित मानकों के अनुरूप होना जनसुरक्षा की दृष्टि से बेहद जरूरी है। ज्ञापन में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से संबंधित एनओसी और अन्य आवश्यक अनुमतियों की स्थिति संबंधित अभिलेखों से सत्यापित कराने की मांग की गई है। साथ ही होटल एवं मैरिज हॉल के अग्नि सुरक्षा उपकरणों, आपातकालीन निकास तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की स्थलीय जांच कराने का अनुरोध किया गया है। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि यदि जांच के दौरान आवश्यक अनुमति या सुरक्षा मानकों में कोई कमी पाई जाती है तो जनसुरक्षा के हित में नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रतिष्ठान को सील करने की कार्रवाई भी की जाए। राष्ट्रीय पत्रकार एकता संघ ने स्पष्ट किया कि शिकायत का उद्देश्य किसी अधिकारी या विभाग पर आरोप लगाना नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा और होटल की वैधानिक स्थिति को स्पष्ट कराना है। ज्ञापन में 14 अगस्त 2026 की देर रात होटल पदमा समेत अन्य स्थानों पर पुलिस चेकिंग का भी उल्लेख किया गया है। ज्ञापन के अनुसार चेकिंग के दौरान होटल में ठहरने वाले लोगों के रजिस्टर की जांच की गई थी और कुछ विवरण नियमानुसार दर्ज कराने के संबंध में होटल प्रबंधन को निर्देशित किया गया था। संघ ने एसडीएम सदर से मामले में आवश्यक जांच कर जनहित में उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
