by Dinesh Kumar
कार्तिक आर्यन एवं अनन्या पांडे स्टारर फ़िल्म “तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी” क्रिसमस पर रिलीज हो चुकी है। फ़िल्म Zen-G को ध्यान में रखकर एक ट्रेंड सेट करने के उद्देश्य से बनायी गई लगती है, जिसमें विदेश टूर पर नए ज़माने के प्यार के साथ ही, मम्मा बॉय और अपने पसंद की महिला जैसे शब्दों के साथ ही 90 की लव स्टोरीज को भी बड़ी ही ख़ूबसूरती से इश्तेमाल किया गया है। फ़िल्म इस नई पीढ़ी को पसंद आती है कि नहीं ये तो वक़्त ही बताएगा। करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शन एवं नमः पिक्चर्स के बैनर तले बनाई गई फ़िल्म “तू मेरा मैं तेरी…” में कार्तिक आर्यन, अनन्या पांडे के अलावा जैकी श्रॉफ, नीना गुप्ता, जैकी श्रॉफ, टीकू तल्सानिया, चांदनी भाभड़ा, इशिता दत्ता, ग्रुशा कपूर आदि ने मुख्य किरदार निभाये हैं जबकि निर्देशन समीर विद्वांस ने किया है।
कहानी: कहानी की शुरुआत होती है रूमी (अनन्या पांडेय) 10 दिन की छुट्टियों पर विदेश जा रही होती है और एयरपोर्ट की बुक स्टाल पर उसकी मुलाकात रेहाल मेहता यानि रे (कार्तिक आर्यन) से होती है। दोनों में काफी तकरार होती है, लेकिन बाद में पता चलता है कि दोनों एक ही जगह पर छुट्टियां मनाने जा रहे होते हैं। वहां पहुंचते हैं, और थोड़ी तकरार के बाद दोनों एक दूसरे से प्यार करने लगते हैं। इन दोनों के प्यार में पेंच यह है कि रे यूएस में सेटल्ड एक वेडिंग प्लानिंग कंपनी चलाता है जबकि रूमी आगरा में रहती है तथा एक लेखिका है। वह रिटायर्ड पिता कर्नल वर्धन सिंह (जैकी श्रॉफ) और बहन जिया (चांदनी भाभड़ा) के साथ रहती है तथा इनकी जिम्मेदारियां भी इसी पर है। पिता फौजी होने के नाते उन्हें अपने देश व घर से बड़ा लगाव है, वे यहीं जिंदगी बिताना चाहते हैं। कहानी आगे बढ़ती है, प्यार परवान चढ़ता है, तभी रूमी के पिता का एक्सीडेंट हो जाता है और वह घर लौटने लगती है। इस बीच रे रूमी से प्यार का इजहार करता है लेकिन रूमी मना करती है, क्योंकि वह अपने पिता को अकेला छोड़कर कहीं और नहीं बसना चाहती। रे भी वापस इंडिया आता है और पूरी बात अपनी मां पिंकी मेहरा (नीना गुप्ता) को बताता है। वह कहती हैं कि अब तुम्हें परफेक्ट लड़की मिल गई है, अब शादी तो उसी से होगी लेकिन चूंकि रे और पिंकी मेहता ने अमेरिका में घर तक खरीद लिया है, और उन्हें वहां से काफी लगाव भी है, ऐसे में क्या रे और रूमी एक दूसरे से शादी कर पाएंगे, या पिंकी और रे यूएस छोड़कर इंडिया में बसना चाहेंगे, या कर्नल अपने घर और देश का मोह त्याग पाएंगे? इन सभी सवालों का जवाब फिल्म देखने के बाद पता चलेगा, इसी बीच कई मुस्कुराहट के पल फिल्म देती है साथ ही मम्मा बॉय, पारिवारिक जिम्मेदारियों का एहसास और शादी के बाद घर से बेटी विदा होगी या बेटा इन सभी सवालों पर फिल्म बड़ी गंभीरता से बात करती है। फिल्म “तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी” एक बार देखा जाना चाहिए।
निर्देशनः फिल्म “तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी” का निर्देशन समीर विद्वांस ने किया है, वे इससे पहले भी कई फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं, ऐसे में किसी तरह के चूक की गुंजाइश तो नहीं है लेकिन कई जगह इन्होंने लॉजिक को साइड रखा है। लोकेशंस का चुनाव बेहद खूबसूरत है तथा किरदारों को भी बड़ी शिद्दत से गढ़ा है। जैकी श्रॉफ, नीना गुप्ता, टीकू तल्सानिया के टैलेंट को बढ़िया से इस्तेमाल किया है। यह एक रोमांटिक फिल्म, इस लिहाज से इन्होंने किसी प्रकार की कमी नहीं छोड़ी है।
एक्टिंगः कार्तिक आर्यन हमेशा की तरह अपने किरदार में खुद को उतार लिया है, हालांकि जिस प्रकार का उनका रोल है, उसके वे माहिर हैं, वहीं अनन्या खूबसूरत तो लगी ही हैं, एक्टिंग भी ठीक है, वैसे फिल्म रोमांटिक है तो दोनों अपने-अपने रोल में फिट बैठे हैं। नीना गुप्ता आउटस्टैंडिंग लगी हैं तो वहीं जैकी श्रॉफ का रोल उनके मनमुताबिक है, जिसे उन्होंने अच्छे से किया भी है। रूमी की बहन रिया का किरदार चांदनी भाभड़ा ने बढ़िया किया है जबकि टीकू तल्सानिया, इशिता दत्ता, ग्रुशा कपूर सहित अन्य कलाकारों ने भी अपने-अपने किरदारों में फिट लगे हैं।
गीतः विशाल ददलानी व शेखर रावजियानी का संगीत फिल्म के अनुसार है, कुछ गाने पहले से ट्रेंड कर रहे हैं।
कुल मिलाकर फिल्म “तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी” बढ़िया कर सकती है, यह इस पर निर्भर है कि कार्तिक आर्यन और अनन्या अपने फैन्स को कितना अपनी ओर आकर्षित कर पाते हैं।
सुरभि सलोनी की तरफ से फिल्म 3 स्टार।

